बतरे नदी को बचाने की जरुरत, औरंगाबाद के सैकड़ों गांवों में नीचे जा रहा वाटर लेवल

Batre River Crisis: औरंगाबाद और झारखंड के सैकड़ों गांवों की प्यास बुझाने वाली बतरे नदी अतिक्रमण, अवैध खनन और प्रदूषण के कारण संकट में है. नदी संरक्षण को लेकर जनजागरण और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज हुई.

Batre River Crisis: (अम्बुज पांडेय) बिहार और झारखंड के सैकड़ों गांवों की प्यास बुझाने वाली तथा हजारों एकड़ खेतों की सिंचाई का आधार रही बतरे नदी आज अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है. कभी सालभर कल-कल बहने वाली यह नदी अब बरसात के दिनों में भी सूखी नजर आती है. अतिक्रमण, अवैध बालू खनन, कूड़ा-कचरे के अंबार और प्रशासनिक उदासीनता ने इस प्राकृतिक धरोहर को संकट में डाल दिया है.

झारखंड के देवगन धाम से निकलती है बतरे नदी

बतरे नदी का उद्गम झारखंड के छत्तरपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध देवगन धाम के पहाड़ी क्षेत्र से माना जाता है. मंदिर परिसर के समीप स्थित जलस्रोतों से निकलकर यह नदी तिलहरवा, रेंगनिया, पीपरा बाजार, बभंडी और गहोरा होते हुए बिहार में प्रवेश करती है. आगे चलकर अंबा बाजार, घेउरा और करकटा के पास दोमुहान संगम स्थल पर बटाने नदी में समाहित हो जाती है.

कभी सिंचाई की रीढ़ थी बतरे नदी

वर्ष 1957 में बिहार सरकार ने गेरूआ पहाड़ के समीप बतरे वेयर का निर्माण कराया था. इससे निकली नहरों के जरिए हरिहरगंज और कुटुंबा प्रखंड के दर्जनों गांवों में सिंचाई होती थी. बिहार-झारखंड विभाजन के बाद यह व्यवस्था धीरे-धीरे समाप्त हो गई और आज नदी स्वयं पानी के लिए तरस रही है.

अतिक्रमण और अवैध खनन ने बिगाड़ा स्वरूप

स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी के दोनों किनारों पर लगातार अतिक्रमण हुआ है. कई स्थानों पर कूड़ा-कचरा फेंकने और मिट्टी भरने से नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो गया है. अनियंत्रित बालू उठाव के कारण नदी का तल प्रभावित हुआ है. परिणामस्वरूप नदी उथली होती जा रही है और उसमें जंगली घास तथा सेवार उग आए हैं.

दुबटिया मोड़ का क्रशर प्लांट बना अभिशाप

झारखंड के दुबटिया मोड़ के समीप संचालित क्रशर प्लांटों को नदी के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नदी के भूभाग के भीतर कई क्रशर प्लांट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थापित कर दिए गए हैं. इससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप लगातार प्रभावित हो रहा है और जलधारा सिकुड़ती जा रही है.

भूजल स्तर में आई भारी गिरावट

बतरे नदी के सूखने का असर आसपास के गांवों में भूजल स्तर पर भी पड़ा है. जहां पहले 20 से 25 फीट की गहराई पर कुएं और चापाकल से पानी मिल जाता था, वहीं अब लोगों को 100 से 150 फीट तक बोरिंग करानी पड़ रही है. इससे पेयजल संकट भी गहराने लगा है.

नदी बचाने के लिए जनआंदोलन की जरूरत

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और पर्यावरण प्रेमियों का मानना है कि यदि समय रहते बतरे नदी को बचाने की पहल नहीं की गई तो आने वाले वर्षों में इसका अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो सकता है. नदी की सफाई, अतिक्रमण हटाने, अवैध खनन रोकने और जल संरक्षण कार्यों की तत्काल आवश्यकता है.

क्या कहते हैं कानूनी विशेषज्ञ

पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता अनिरुद्ध कुमार वर्मा के अनुसार किसी भी प्राकृतिक नदी के प्रवाह को बाधित करना या उसके भूभाग पर अवैध कब्जा करना कानूनन अपराध है. बिना अनुमति बालू और मिट्टी का उत्खनन भी दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है. उन्होंने कहा कि नदियों के संरक्षण के लिए प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और समाज को भी जागरूक होकर आगे आना होगा.

पर्यावरण और अस्तित्व दोनों का सवाल

बतरे नदी केवल जलधारा नहीं, बल्कि बिहार और झारखंड के सैकड़ों गांवों की जीवनरेखा है. यदि इसे बचाने के लिए व्यापक अभियान नहीं चलाया गया तो आने वाली पीढ़ियां इस नदी को केवल इतिहास के पन्नों में पढ़ेंगी.

इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद को मिला पहला निजी विश्वविद्यालय, उच्च शिक्षा का बनेगा नया केंद्र

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने ​बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. ​बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. ​जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >