बटाने पुल की जर्जर हालत पर बड़ा फैसला, भारी वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक

Aurangabad News: औरंगाबाद में एनएच-139 (पुराना एनएच-98) पर स्थित बटाने पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है. तकनीकी जांच में पुल में गंभीर दरारें पाई गई हैं.

Aurangabad News (सुजीत कुमार सिंह): राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-139 (पुराना एनएच-98) पर स्थित बटाने पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है. कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, औरंगाबाद द्वारा पुल की तकनीकी जांच और पथ निरीक्षण के बाद पुल पर भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल प्रभाव से पूरी तरह रोक लगा दी गई है. वैसे जिला प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है.

जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय उच्च पथ-139 के किलोमीटर-141 पर स्थित बटाने पुल की कुल लंबाई लगभग 225 मीटर है. निरीक्षण के दौरान पुल के कई गर्डरों में गंभीर दरारें पाई गईं. इसके अलावे पुल की भार वहन संरचना के आधार भाग के पास भी क्षति चिन्हित की गई. तकनीकी टीम ने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्थिति में भारी वाहनों का परिचालन जारी रहना किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे सकता है. इसके बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुल से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने का आदेश जारी किया.

केवल हल्के वाहनों को मिली अनुमति

प्रशासन द्वारा फिलहाल छोटे एवं हल्के वाहनों के परिचालन की अनुमति दी गई है. वहीं भारी वाहनों के सुरक्षित संचालन के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था लागू की गई है. साथ ही पुल के पास डायवर्जन निर्माण का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है. डायवर्जन तैयार होने तक सभी भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा.

भारी वाहनों के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्ग

जिला प्रशासन द्वारा जारी यातायात योजना के अनुसार रोहतास की ओर से हरिहरगंज जाने वाले भारी वाहन बारूण से तेतरिया मोड़ होते हुए जपला मार्ग के जरिए हरिहरगंज पहुंचेंगे. गया और पटना की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी बारूण-जपला मार्ग का उपयोग करना होगा. वहीं हरिहरगंज से औरंगाबाद आने वाले 14, 16, 18 और 22 चक्का भारी वाहनों के औरंगाबाद जिला सीमा में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. ऐसे वाहनों को हरिहरगंज-छतरपुर-जपला मार्ग से बारूण एनएच-19 की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जहां से वे गया, रोहतास और पटना की ओर जा सकेंगे.

बड़ी बसों और व्यवसायिक वाहनों के लिए अलग रूट

प्रशासन ने बड़ी यात्री बसों एवं 12 चक्का व्यवसायिक वाहनों के लिए भी अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है. हरिहरगंज से औरंगाबाद आने वाली बड़ी बसें एवं व्यवसायिक वाहन अम्बा चौक से नवीनगर-बारूण मार्ग होकर औरंगाबाद आएंगे. इसी प्रकार रोहतास की ओर से हरिहरगंज जाने वाली बसें बारूण केशव मोड़ से तेतरिया-नवीनगर-अम्बा चौक मार्ग का उपयोग करेंगी. गया एवं पटना से हरिहरगंज जाने वाली बड़ी बसों को भी इसी मार्ग से संचालित किया जाएगा.

छोटे वाहनों के लिए भी व्यवस्था लागू

औरंगाबाद से नवीनगर जाने वाले छोटे वाहन, कार और पिकअप वाहनों को चतरा मोड़ से माली होते हुए नवीनगर की ओर भेजा जाएगा. प्रशासन ने संबंधित विभागों को सभी वैकल्पिक मार्गों पर दिशा सूचक बोर्ड, संकेतक और सुरक्षा अवरोधक लगाने का निर्देश दिया है.

प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात

ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कोईरीडीह, तेतरिया मोड़, अम्बा चौक, एरका, केशव मोड़, जसोईया मोड़, महिंद्रा शोरूम, चतरा मोड़ और सुंदरगंज बाजार सहित कई प्रमुख स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जा रही है. साथ ही डीएम ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को बारूण-नवीनगर एवं तेतरिया-कोयरीडीह मार्ग की मरम्मत और चौड़ीकरण कार्य भी शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया है. जिला प्रशासन ने आमजन, वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुरक्षित और सुचारु बनी रहे.

Also Read: योग शिविर में गूंजा उत्साह, “ताली बजाओ-बीमारी भगाओ” ने खींचा ध्यान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >