Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के बारुण में विद्युत विभाग ने बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए एक विशेष सघन अभियान के तहत बारुण थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी की. इस कार्रवाई में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी के मामले उजागर हुए हैं, जिसके बाद विभाग के अधिकारियों ने कुल 22 लोगों के खिलाफ बारुण थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. बिजली विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के बिजली चोरों में हड़कंप मच गया है.
बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई
अभियान के दौरान सहायक विद्युत अभियंता रंजन कुमार ने खजूरी फार्म में बिजली चोरी पकड़े जाने पर अरविंद राम, सुखई राम भुइयां, जीवेश कुमार सिंह, कामेश्वर सिंह और बीरेश प्रसाद के विरुद्ध थाने में लिखित आवेदन दिया है. वहीं, कनीय विद्युत अभियंता अजित रंजन ने इंग्लिश गांव में छापेमारी की. इस दौरान साजन पासवान, विनोद पासवान, राधिका पासवान, पप्पू पासवान और जगदीश पासवान को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया.
इसके अतिरिक्त, धुरिया गांव के बालेश्वर पांडे और विनोद पांडे पर भी बिजली चोरी का मामला दर्ज किया गया है. इसी क्रम में कनीय विद्युत अभियंता मनोज कुमार के नेतृत्व में बगतरपा गांव में की गई छापेमारी में मिथिलेश सिंह, राजेन्द्र सिंह और रविन्द्र पाल के खिलाफ कार्रवाई की गई. साथ ही, मुंशी बीघा के श्रवण राठौर और मधुपुर के चंदन कुमार, विद्यानंद सिंह, मनोज सिंह व संदीप सिंह को भी बिजली चोरी के आरोप में नामजद किया गया है.
लगातार जारी रहेगा अभियान
कनीय विधुत अभियंता अजित रंजन ने स्पष्ट किया है कि अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा. विभाग द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बावजूद लोग चोरी से बिजली का उपयोग कर रहे हैं, जिससे न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि ट्रांसफार्मर पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है. विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिजली बिल का भुगतान करें और वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपभोग करें. बारुण थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
Also Read: औरंगाबाद: नक्सल प्रभावित इलाकों के विकास को मिलेगी रफ्तार, जल्द भेजे जाएंगे समग्र विकास के प्रस्ताव
