औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट
Aurangabad Weather News : देव थाना क्षेत्र के बेढ़नी गांव में मंगलवार की शाम हुई तेज बारिश एक हंसते-खेलते परिवार के लिए गहरा मातम लेकर आई. बारिश के दौरान अचानक हुए भीषण वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. मृतका की पहचान बेढ़नी गांव निवासी सुनील यादव की पत्नी इंदु देवी के रूप में की गई है. इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
देव स्वास्थ्य केंद्र से औरंगाबाद किया गया रेफर
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम को जब तेज बारिश शुरू हुई, उस समय इंदु देवी अपने घर के सामने दरवाजे पर बैठी थीं. इसी बीच अचानक बादलों की तेज गर्जना हुई और उनके घर के समीप ही जोरदार वज्रपात हो गया. आकाशीय बिजली की इस चपेट में आते ही वह अचेत (बेहोश) होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ीं. घटना होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन शोर मचाते हुए मौके पर दौड़े. वे बिना एक पल गंवाए उन्हें तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देव ले गए.
Aurangabad News : डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
वहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने महिला की अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया. लेकिन, दुर्भाग्यवश जब परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, तो वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने नब्ज जांचने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल परिसर में चीख-पुकार से गमगीन हुआ माहौल
डॉक्टर द्वारा मौत की पुष्टि करते ही अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल अत्यंत गमगीन हो गया. करीब डेढ़ घंटे तक अस्पताल परिसर में पूरी तरह मातम पसरा रहा.
Also Read : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार, CBI जांच वाली याचिका पर कहा- HC जाइए
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बाद में वहां मौजूद अन्य लोगों और रिश्तेदारों ने किसी तरह रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाया. इधर, आकाशीय बिजली से मौत की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस तुरंत सदर अस्पताल पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मां की असामयिक मौत से गहरे सदमे में हैं दोनों बेटे
स्थानीय ग्रामीण जयराम मांझी, उमेश कुमार, नितेश कुमार, विशाल यादव और राजेंद्र यादव ने अत्यंत दुख व्यक्त करते हुए बताया कि इंदु देवी अपने पीछे दो मासूम पुत्रों निखिल और नीतीश को छोड़ गई हैं. मां का साया हमेशा के लिए सिर से उठ जाने के कारण दोनों बेटे गहरे सदमे और डिप्रेशन में हैं.
ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
गांव के लोगों ने बताया कि इंदु देवी बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव की महिला थीं, जो हमेशा सबकी मदद के लिए तैयार रहती थीं. उनकी इस अचानक हुई मौत से पूरे बेढ़नी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली उचित सरकारी सहायता (मुआवजा) जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की है.
मौसम विभाग की अपील
बता दे कि मौसम विभाग ने बारिश के इस मौसम में लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. विभाग ने कहा है कि खराब मौसम, मेघ गर्जन और कड़कड़ाती धूप के बीच अचानक बारिश होने के दौरान लोग खुले स्थानों, खेतों या पेड़ों के नीचे न रहें और जितनी जल्दी हो सके, किसी पक्के मकान या सुरक्षित छत के नीचे चले जाएं.
Also Read : औरंगाबाद : दाउदनगर से अमरनाथ यात्रा पर निकला श्रद्धालुओं का जत्था, विश्व शांति की करेंगे प्रार्थना
