औरंगाबाद: एनआईओएस डीएलएड शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री से मिला, स्थानांतरण प्रक्रिया में शामिल करने की उठाई मांग

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से एनआईओएस डीएलएड डिप्लोमाधारी शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की. शिक्षकों ने स्थानांतरण प्रक्रिया में परिवीक्षा अवधि की अनिवार्यता को शिथिल करने की मांग उठाई है.

Aurangabad News: औरंगाबाद में एनआईओएस (NIOS) डीएलएड डिप्लोमाधारी आर-ई-2 एवं वन सप्लीमेंट्री शिक्षकों के अभिभावकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सेवानिवृत्त शिक्षक सह सेवा पूर्व प्रशिक्षित नियोजित शिक्षक संघ, औरंगाबाद के जिलाध्यक्ष छठू सिंह के नेतृत्व में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से विकास भवन में मुलाकात की.

प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया कि इन शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्थानांतरण के लिए जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में परिवीक्षा अवधि (प्रोबेशन) की अनिवार्यता की शर्त को शिथिल करते हुए स्थानांतरण प्रक्रिया में शामिल किया जाए.

शिक्षा मंत्री ने दिया आश्वासन, जल्द जारी होगा विभागीय आदेश

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिन सभी प्रकार के शिक्षक-शिक्षिकाओं की नियुक्ति हो चुकी है, उन्हें स्थानांतरण प्रक्रिया में शामिल करने के संबंध में विभाग शीघ्र आवश्यक पत्र जारी करेगा. उन्होंने बताया कि इस संबंध में जल्द ही विभागीय आदेश जारी होने की संभावना है.

प्रतिनिधिमंडल में अररिया के आजाद खान, नरकटियागंज के भुनेश्वर वर्मा, दरभंगा के शत्रुघ्न पासवान सहित कई अभिभावक एवं शिक्षक प्रतिनिधि शामिल थे. प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि शीघ्र ही सभी पात्र शिक्षक-शिक्षिकाओं का उनके गृह जिले में स्थानांतरण सुनिश्चित किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manish raj singham

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >