औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट
Aurangabad Road Accident: सलैया थाना क्षेत्र के जोगड़ी मोड़ के पास रविवार की शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. सवारियों से भरा एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा और एक पेड़ से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में एक महिला समेत छह यात्री घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गयाजी रेफर किया गया है.
खिरियावां जाने के दौरान हुआ हादसा, ऑटो के उड़े परखच्चे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खजूवतिया टोला भुइयां बिगहा निवासी रोहित कुमार, उमेश यादव, रामध्यान यादव, अमरेंद्र कुमार यादव तथा बेला गांव निवासी शिवनाथ चौधरी और उनकी पत्नी इंदु देवी ऑटो पर सवार होकर अपने घर से खिरियावां की ओर जा रहे थे. इसी दौरान जोगड़ी मोड़ के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा. गड्ढे में गिरने के बाद ऑटो सीधे एक पेड़ से टकरा गया, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी यात्री अंदर ही दब गए.
ग्रामीणों ने कटर मशीन से ऑटो काटकर घायलों को निकाला
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. ऑटो के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण दबे हुए यात्रियों को सीधा बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था. इसके बाद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाई और कटर मशीन मंगवाकर वाहन के हिस्सों को काटा. इसके बाद अंदर फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला जा सका. तत्पश्चात सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर पहुंचाया गया.
तीन मरीजों की हालत नाजुक, ज्यादा ब्लीडिंग के कारण गया रेफर
मदनपुर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार जय ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. उन्होंने बताया कि अमरेंद्र कुमार यादव, उमेश यादव और इंदु देवी की हालत गंभीर थी. तीनों के शरीर में कई जगह हड्डियां टूट गई थीं तथा अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) हुआ था. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गयाजी रेफर कर दिया गया.
इधर घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने इस दुर्घटना के लिए वाहन की तेज रफ्तार और सड़क की खराब स्थिति को जिम्मेदार बताया है. पुलिस मामले की जानकारी जुटाने और आगे की कार्रवाई में लगी हुई है.
