कुटुंबा से विश्वनाथ पांडेय की रिपोर्ट
Aurangabad News: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ औरंगाबाद पुलिस ने एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई की है. पुलिस ने रिसियप थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-139 (NH-139) पर घेराबंदी कर 51 किलोग्राम गांजा के साथ चार शातिर तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक चार पहिया गाड़ी, तीन मोबाइल फोन तथा एक जीपीएस (GPS) ट्रैकर भी मौके से जब्त किया है.
पटना उत्पाद ब्यूरो की गुप्त सूचना पर एसपी ने बनाई स्पेशल टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध एवं राज्य उत्पाद नियंत्रण ब्यूरो, पटना के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रिसियप थानाध्यक्ष को एक पुख्ता गुप्त सूचना दी गई थी. सूचना में बताया गया था कि झारखंड के हरिहरगंज की ओर से एक चार पहिया वाहन भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ लेकर औरंगाबाद की तरफ आ रहा है.
सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंबरीश राहुल को अवगत कराया गया. एसपी के सख्त निर्देश पर रिसियप थानाध्यक्ष के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई.
थाना मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पकड़ाया वाहन, छत्तीसगढ़ से जुड़ा नेटवर्क
गठित विशेष पुलिस टीम ने रिसियप थाना मोड़ के समीप एनएच-139 पर सघन वाहन जांच अभियान (बैरीकेडिंग) चलाया. इसी दौरान हरिहरगंज की ओर से तेज गति से आ रही एक संदिग्ध चार पहिया गाड़ी को पुलिस ने रुकने का इशारा किया. पुलिस को देख चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उसे घेरकर रोक लिया.
जब वाहन की गहनता से तलाशी ली गई, तो गाड़ी के भीतर विशेष रूप से बनाए गए तहखाने में छिपाकर रखा गया कुल 51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार चारों व्यक्तियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. इधर, पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये तस्कर छत्तीसगढ़ राज्य से गांजा की यह बड़ी खेप लेकर भोजपुर जिले में खपाने के लिए जा रहे थे.
तस्करों में रोहतास और भोजपुर के लोग शामिल
पुलिस की कड़ी पूछताछ के दौरान गिरफ्तार चारों आरोपियों ने मादक पदार्थों की तस्करी के इस अवैध धंधे में अपनी संलिप्तता पूरी तरह स्वीकार की है. इस संबंध में रिसियप थाना कांड संख्या 130/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत और कड़ी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कागजी प्रक्रिया पूरी कर रही है.
तस्करी के नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
गिरफ्तार किए गए तस्करों में मुख्य रूप से रोहतास और भोजपुर जिले के रहने वाले लोग शामिल हैं. इनमें रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र के पश्चिमी मोहन बिगहा निवासी 58 वर्षीय सत्येंद्र प्रसाद और इसी जिले के आयरकोठा थाना क्षेत्र के मोदीहा गांव निवासी 67 वर्षीय उपेंद्र उपाध्याय शामिल हैं. वहीं, अन्य दो आरोपियों में भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के भरसर गांव निवासी 51 वर्षीय मुकेश कुमार और इसी जिले के नया महमदपुर निवासी 66 वर्षीय रामनाथ प्रसाद शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि तस्करी के इस नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगाली जा रही है और मामले में आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है.
Also Read : औरंगाबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑटो से 390 लीटर चोरी का डीजल बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
