Aurangabad News: रफीगंज में युवक की चाकू मारकर हत्या

Aurangabad News: अब्दुलपुर मोहल्ले में वारदात के बाद तनाव, एक हिरासत में

Aurangabad News: (सत्येंद्र पाठक) औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र स्थित अब्दुलपुर मोहल्ले में 20 वर्षीय युवक मो फैज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. मृतक की पहचान मो सदीक के पुत्र मो फैज के रूप में हुई है, जो गया कॉलेज में स्नातक का छात्र था.

रात में बुलाकर ले गए राजा बगीचा

परिजनों के अनुसार मंगलवार की रात मोहल्ले से किसी ने मो फैज को बुलाकर राजा बगीचा की ओर ले गया. कुछ देर बाद सूचना मिली कि उसके शरीर पर कई जगह चाकू से हमला किया गया है. बताया जा रहा है कि उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक पर भी हमला किया गया.

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित .

स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मो फैज को रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया . वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अरविंद कुमार एवं डॉ सुबोध कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

परिवार में सबसे छोटा था फैज

बताया जाता है कि मो फैज दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था . उसके पिता झारखंड के हजारीबाग में रूई-गद्दा बनाने का काम करते हैं और फिलहाल बाहर में हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

एक हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शंभू कुमार पुलिस पदाधिकारियों के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी . पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है.

थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेज दिया गया है . मामले में हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.

हत्या के कारणों पर बना रहस्य

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है . पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

Also Read : Gopalganj News: ‘अब्बू, ट्रेन में मार रहे हैं…’ मैसेज कर लापता हुआ यूपी से घर आ रहा युवक, परिवार हुआ परेशान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >