Aurangabad News (सुजीत कुमार सिंह) : औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के गोंगरा गांव में रविवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे. घटना में दोनों पक्षों के कुल 13 लोग घायल हो गए. गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचाया गया. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया.चिकित्सकों ने तीन लोगों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया. अन्य घायलों का इलाज मदनपुर अस्पताल में ही चल रहा है.
दो पक्षों में लंबे समय से था विवाद
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था.रविवार की सुबह विवादित जमीन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई. दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। घटना के दौरान गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई.
पुलिस ने मामले पर बनाई नजर
घटना की जानकारी मिलने पर मदनपुर थाना की पुलिस गांव पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि दोबारा किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो.
Also Read : Aurangabad News : असामाजिक तत्वों ने शिक्षक की कार में लगाई आग, जांच में जुटी पुलिस
