सड़क जाम पर सख्त हुआ परिवहन विभाग, बस मालिकों को दी चेतावनी

Aurangabad News: औरंगाबाद में जाम की समस्या को देखते हुए परिवहन विभाग ने बस संचालन नियम सख्त कर दिए हैं. अब बसें केवल निर्धारित स्टैंड से ही चलेंगी, नियम तोड़ने पर कार्रवाई होगी.

Aurangabad News(सुजीत कुमार सिंह): औरंगाबाद में लगातार बढ़ रही सड़क जाम की समस्या को लेकर जिला परिवहन विभाग अब सख्त हो गया है. बुधवार को जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी की अध्यक्षता में जिले के सभी बस मालिकों और संचालकों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में रामाबांध बस स्टैंड और एनएच-139 पर अनियंत्रित तरीके से बसों के परिचालन एवं सड़क किनारे वाहनों के खड़े रहने से उत्पन्न हो रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

रामाबांध बस स्टैंड के पास एनएच-139 पर वाहन खड़े नहीं होंगे

बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी बसों का परिचालन केवल निर्धारित बस स्टैंड से ही किया जाएगा. किसी भी परिस्थिति में सड़क पर बस खड़ी कर सवारी चढ़ाने-उतारने की अनुमति नहीं होगी. उन्होंने कहा कि सड़क पर बेतरतीब ढंग से बसों के खड़े होने के कारण शहर में आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. डीटीओ ने बस मालिकों को चेतावनी देते हुए कहा कि रामाबांध बस स्टैंड के पास एनएच-139 पर किसी भी हालत में वाहन खड़े नहीं किए जाएं.

निर्देशों के उल्लंघन पर बस मालिकों के खिलाफ होगी कार्रवाई

यदि निर्देशों का उल्लंघन किया गया तो संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही लंबे समय से बस स्टैंड परिसर में खराब स्थिति में खड़े वाहनों को भी तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया. बैठक में मौजूद बस संचालकों ने भी ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया. परिवहन विभाग का मानना है कि इन निर्देशों के पालन से शहर में जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और आम लोगों को राहत मिलेगी.

Also Read: रूपखाप गांव में जमीन और रास्ता विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों के 10 लोग घायल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: kumarsuryakant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >