Aurangabad News: (ओम प्रकाश) औरंगाबाद में एक ओर पुलिस हाल के दिनों में चोरी की कई घटनाओं का सफलतापूर्वक उद्भेदन कर आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर दाउदनगर शहर में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामला वार्ड संख्या-17 स्थित पटवा टोली का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी की चोरी कर ली.
मजदूरी के लिए परिवार के बाहर जाते ही चोरों ने बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, पटवा टोली निवासी शंभू कुमार 11 जून की दोपहर पूरे परिवार के साथ मजदूरी करने उत्तर प्रदेश के बलरामपुर गए थे. इसी दौरान बंद पड़े उनके घर में चोर घुस गए. शुक्रवार रात सूचना मिलने पर जब वे लौटे तो देखा कि गोदरेज का ताला टूटा हुआ था और घर का सामान बिखरा पड़ा था.
सोने के जेवर और नकदी पर किया हाथ साफ
पीड़ित के अनुसार, चोर घर में रखे सोने का मंगलसूत्र, झुमका, पायल सहित अन्य जेवरात तथा करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए. घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. गृहस्वामी ने थाना में लिखित आवेदन भी दिया है.
पुलिस ने जांच तेज की, जल्द कार्रवाई का दावा
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आठ दिनों में दूसरी बड़ी चोरी से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि पटवा टोली इलाके में आठ दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी चोरी की घटना है. इससे पहले इमली तल के पास कुएं के निकट स्थित कैलाश कुमार के बंद घर से भी अज्ञात चोर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए थे. उस समय भी पूरा परिवार मजदूरी के लिए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर गया हुआ था.
रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि पटवा टोली के अधिकांश परिवार रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्यों में काम करने चले जाते हैं और उनके घर लंबे समय तक बंद रहते हैं. ऐसे में चोर इन्हीं मकानों को निशाना बना रहे हैं. लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और शहर की संकरी गलियों में भी नियमित बाइक पेट्रोलिंग कराने की मांग की है, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज के किसानों के लिए खुशखबरी: 75% अनुदान पर मिलेगा नारियल का पौधा, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा लाभ
