Aurangabad News: (सुजीत कुमार सिंह)औरंगाबाद पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल द्वारा नवीनगर थाना परिसर में नवीनगर अंचल अंतर्गत सभी थानों के लंबित गंभीर कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में संबंधित एसडीपीओ, अंचल पुलिस निरीक्षक, सभी थानाध्यक्ष एवं कांडों के अनुसंधानकर्ता मौजूद रहे.
हत्या, लूट और महिला उत्पीड़न मामलों पर विशेष चर्चा
समीक्षा बैठक में हत्या, लूट, अपहरण, महिला उत्पीड़न समेत अन्य गंभीर मामलों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई. पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों के अनुसंधान में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए.
त्वरित और निष्पक्ष अनुसंधान पर जोर
एसपी ने कहा कि गंभीर मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता है. किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं से कांडवार प्रगति रिपोर्ट ली और अब तक की कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की.
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने का निर्देश
बैठक के दौरान कई मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, साक्ष्य संकलन तथा चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया. साथ ही लंबित वारंटों एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया.
पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की बात
अंबरीश राहुल ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरती जाए और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कांडों के शीघ्र निष्पादन से ही लोगों का पुलिस पर विश्वास मजबूत होगा.
गश्ती और विधि-व्यवस्था को लेकर भी निर्देश
समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार गश्ती, अपराधियों पर निगरानी तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
Also Read: नवादा में आज: शहर में आज का कार्यक्रम, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, जानिए एक क्लिक में
