Aurangabad News: रेलवे ट्रैक किनारे महिला का शव मिलने से फैली सनसनी

Aurangabad News: रेलवे ट्रैक किनारे महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप,मायकेवालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Aurangabad News: (मनीष राज सिंघम) गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड के फेसर रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक किनारे 32 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृत महिला की पहचान फेसर थाना क्षेत्र के देवरिया कला गांव निवासी सुनील राम की पत्नी अंजू कुमारी के रूप में हुई है.

सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह आसपास के ग्रामीण रेलवे ट्रैक की ओर टहलने निकले थे. इसी दौरान ट्रैक किनारे एक महिला का शव पड़ा देखा गया. शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही फेसर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. बाद में तकनीकी स्रोतों की मदद से महिला की पहचान अंजू कुमारी के रूप में की गई.

पोस्टमार्टम के दौरान मायकेवालों ने लगाया हत्या का आरोप

सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया. परिजनों का कहना है कि अंजू की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया गया.

चेहरे पर मिले चोट के निशान

बताया जा रहा है कि मृतका के चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं. मायके पक्ष का कहना है कि घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि हत्या नहीं हुई तो मौत के बाद सभी लोग घर छोड़कर क्यों फरार हो गए.

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मृतका अपने पीछे दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना को लेकर शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है.

हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का. फेसर थाना की पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है.

Also Read: नवादा में आज: शहर में आज का कार्यक्रम, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, जानिए एक क्लिक में

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 6 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >