Aurangabad News : भखरुआं मोड़ पर बड़े गोलंबर को किया गया ध्वस्त
Aurangabad News: दाउदनगर जाम मुक्त शहर बनाने की दिशा में अहम पहल
By AMIT KUMAR SINGH_PT | Updated at :
दाउदनगर. औरंगाबाद–पटना मुख्य पथ (एनएच-139) पर दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय के भखरुआं मोड़ को जाम मुक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गयी है. वर्षों से यातायात जाम की समस्या झेल रहे इस मोड़ पर स्थित बड़े आकार के गोलंबर को बीती रात ध्वस्त कर दिया गया. अब यहां छोटे आकार का गोलंबर बनाए जाने के साथ-साथ क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की योजना भी तैयार की गयी है. शुक्रवार शाम तक इस स्थान पर ईंट, बालू और सीमेंट जैसी निर्माण सामग्री गिरी हुई दिखाई दी. इस कार्रवाई के बाद भखरुआं मोड़ पूरी तरह साफ-सुथरा नजर आ रहा है और लोगों में राहत की भावना देखी जा रही है. जानकारी के अनुसार, ओबरा विधायक डॉ प्रकाश चंद्र ने अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में एसडीओ की उपस्थिति में एनएचआइ की मेंटेनेंस करने वाली कंपनी के अधिकारियों के साथ लंबी बैठक की. इस बैठक में यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा व जलनिकासी से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक के बाद एसडीओ और कंपनी के अधिकारियों ने एनएच के विभिन्न दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण भी किया. भखरुआं मोड़ पर जाम का मुख्य कारण मानते हुए बड़े गोलंबर को रातों-रात हटवाया गया. इस दौरान विधायक स्वयं मौके पर मौजूद रहे. भारी वाहनों के अनियंत्रित और अधिक आवागमन के कारण मोड़ पर अक्सर लंबा जाम लग जाता था, जिससे आम लोगों के साथ आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न होती थी. रात भर अभियान चलाकर चौराहे को व्यवस्थित किया गया और जाम से मुक्ति दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाये गये.
जलजमाव की समस्या पर भी की पहल
भखरुआं मोड़ क्षेत्र में लंबे समय से जाम पड़े नालों के कारण जलजमाव और मच्छरों की समस्या गंभीर बनी हुई थी. इसे देखते हुए विधायक के निर्देश पर नालों की व्यापक सफाई कराई गई, जिससे जलनिकासी व्यवस्था में सुधार हुआ. स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और कहा कि इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आयेगी.
सौंदर्यीकरण और सड़क सुरक्षा पर विशेष बल
विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने बताया कि भखरुआं मोड़ के सौंदर्यीकरण की दिशा में भी कार्य चल रहा है. अधिकारियों के साथ बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये. मोड़ के चारों ओर जेबरा क्रॉसिंग बनाई जायेगी, ताकि पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. इसके साथ ही वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप लगाने और यातायात सिग्नल स्थापित करने के निर्देश दिये गये हैं. एनएच-139 के डीएवी स्कूल के पास, जिनोरिया बस स्टैंड, पत्थर कट्टी मोड़, भरुब मोड़ और महथु मोड़ के समीप भी रंबल स्ट्रिप लगाने का प्रस्ताव है. एनएचआइ की मेंटेनेंस करने वाली कंपनी के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के भीतर यह कार्य पूरा कर लिया जायेगा.
जाम मुक्त शहर के लिए जनसहयोग की अपील
शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए बस और टोटो चालकों से अपील की गयी है कि वे चौराहे से 200 मीटर की परिधि के बाहर ही वाहन खड़े करें. दुकानदारों से भी अपनी दुकानों के सामने पार्किंग की उचित व्यवस्था करने का आग्रह किया गया. विशेष रूप से मिठाई दुकानदारों से अपील की गई कि वे कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालें, ताकि नालियां जाम न हों और गंदगी न फैले. डिवाइडर पर कूड़ा फेंकने से भी बचने की अपील की गई. विधायक ने एसडीओ की प्रशंसा की और आम जनता से प्रशासन को सहयोग देने की अपील की.
ओबरा बाजार भी होगा जाम मुक्त
विधायक ने कहा कि इसी तरह की पहल ओबरा बाजार को भी जाम मुक्त, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए की जायेगी. इसके लिए अलग से योजना तैयार की जा रही है. उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता और सुव्यवस्था बनाये रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है. भखरुआं मोड़ पर बड़े गोलंबर के हटने से स्थानीय लोगों में खुशी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि अब जाम से निजात मिलने और यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर होने की पूरी संभावना है.