औरंगाबाद में गैस माफिया पर पुलिस का बड़ा एक्शन, सिलेंडरों का जखीरा पकड़ा

Aurangabad News: औरंगाबाद के पहरा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध गैस सिलेंडर कारोबार का खुलासा किया. कार्रवाई में बड़ी संख्या में घरेलू और कॉमर्शियल सिलेंडर, उपभोक्ता कार्ड और रिफिलिंग उपकरण बरामद किये गये. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.


Aurangabad News (मनीष राज सिंघम): रिसियप थाना क्षेत्र के पहरा गांव में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर रिसियप थाना की पुलिस ने छापेमारी कर विभिन्न कंपनियों के घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों के साथ बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद किये हैं. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है.

गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि पहरा गांव निवासी मनोज कुमार सिंह के पुत्र विकास कुमार सिंह अपने घर एवं दुकान में विभिन्न कंपनियों के गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर कालाबाजारी कर रहे हैं. सूचना मिलने के बाद रिसियप एसएचओ संजीत राम द्वारा इसकी जानकारी एसपी अंबरीश राहुल को दी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रिसियप थाना की पुलिस ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी कुटुंबा के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया.

एचपी, भारत गैस और इंडेन कंपनी की बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद

छापेमारी के दौरान विकास कुमार सिंह के घर और दुकान की तलाशी ली गयी. इस दौरान एचपी, भारत गैस एवं इंडेन कंपनी की बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किये गये. पुलिस ने मौके से विभिन्न उपभोक्ताओं के गैस उपभोक्ता कार्ड, रिफिलिंग नोजल पाइप, माइक्रोटेक कंपनी का तराजू और उज्ज्वला योजना से संबंधित गैस चूल्हे भी जब्त किये हैं.

10 कॉमर्शियल और 55 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद

पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री में एचपी कंपनी के 10 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर शामिल हैं, जिनमें पांच भरे एवं पांच खाली सिलेंडर हैं. इसके अलावा एचपी कंपनी के 55 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किये गये, जिनमें 49 भरे तथा छह खाली थे. भारत गैस कंपनी के 23 घरेलू सिलेंडर मिले, जिनमें दो भरे और 21 खाली सिलेंडर शामिल हैं. वहीं इंडेन गैस कंपनी के 17 घरेलू सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें दो भरे एवं 15 खाली सिलेंडर शामिल हैं. इसके अतिरिक्त 90 उपभोक्ता कार्ड, छह उज्ज्वला भारत गैस चूल्हा, एक रिफिलिंग नोजल पाइप सहित उपकरण और एक माइक्रोटेक तराजू भी जब्त किया गया है.

अन्य लोगों की भूमिका की जांच

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है और गैस सिलेंडरों के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है. इस छापेमारी दल में रिसियप एसएचओ संजीत राम के साथ-साथ सोनाली सिंह, शशिकांत, राजेश कुमार, मुकेश कुमार, पंकज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

Also Read: ट्रांसपोर्ट बुकिंग के नाम पर युवक से ठगी, सामान फंसने का डर दिखाकर लगातार वसूले पैसे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: kumarsuryakant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >