Aurangabad News: पत्नी से अवैध संबंध के शक में साढ़ू पर जानलेवा हमला

Aurangabad News: बाजार से घर लौटने के दौरान नदी के पास पहले से घात लगाए बैठे छोटे साढ़ू ने किया हमला, सदर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर

Aurangabad News: (सुजीत कुमार सिंह) औरंगाबाद जिले के माली थाना क्षेत्र के बेल बिगहा गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में एक युवक ने अपने ही साढ़ू पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान 50 वर्षीय राजेंद्र यादव के रूप में हुई है. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.

बाजार से लौटते समय नदी के पास मारी चाकू


घटना बुधवार की रात की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार राजेंद्र यादव माली बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान गांव के समीप नदी के पास पहले से घात लगाए बैठे उनके छोटे साढ़ू ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया. हमला इतना तेज था कि चाकू सीधे उनकी आंख में जा लगा.गंभीर चोट लगने के बाद राजेंद्र यादव मौके पर ही गिर पड़े और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां पहुंच गए.

घायल को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया


ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद घायल को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.इलाज के दौरान घायल ने एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र के रहरा गांव निवासी कमलेश कुमार पर हमला करने का आरोप लगाया.

बहन के घर रुककर रची थी हमले की साजिश


परिजनों के अनुसार आरोपी कमलेश कुमार लंबे समय से राजेंद्र यादव पर शक करता था. राजेंद्र यादव की पत्नी और आरोपी की पत्नी सगी बहन हैं, जिस कारण दोनों परिवारों के बीच लगातार बातचीत और आना-जाना था. इसी बात को लेकर आरोपी अक्सर नाराज रहता था और कई बार आपत्ति भी जता चुका था. बताया जाता है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से बेल बिगहा गांव में अपनी बहन के घर ठहरा हुआ था और मौका मिलते ही उसने घटना को अंजाम दे दिया.

थाने में लिखित शिकायत के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी


मामले में माली थाना पुलिस जांच में जुट गई है.थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: दहेज की लोभी ने शादी के महज 9 महीने बाद विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की, फिर जहर देकर हत्या

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 7 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखता हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >