औरंगाबाद के दाउदनगर बालिका इंटर विद्यालय के कायाकल्प की तैयारी, 90 लाख की योजनाओं को मंजूरी

Aurangabad News: औरंगाबाद के दाउदनगर में बालिका इंटर विद्यालय के विकास के लिए 90 लाख रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी गई है. ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने छात्राओं की सुरक्षा के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस को कड़े निर्देश दिए हैं और विद्यालय में इनडोर स्टेडियम व मॉड्यूलर लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं जल्द शुरू करने का भरोसा दिलाया है.

Aurangabad News(ओम प्रकाश): औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित बालिका इंटर विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा, बेहतर शिक्षा और सुविधाओं को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. ओबरा विधायक सह विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रकाश चंद्र की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए लगभग 90 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं पर मुहर लगाई गई.

इनडोर स्टेडियम और मॉड्यूलर लाइब्रेरी की मिलेगी सौगात

विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने बताया कि छात्राओं को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है. स्वीकृत बजट के तहत विद्यालय में छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए मॉडर्न लाइब्रेरी बनाई जाएगी. साथ ही खेल प्रतिभा को निखारने के लिए इनडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा और अगले तीन दिनों के भीतर विद्यालय परिसर में वाटर कूलर लगाए जाएंगे.

छात्राओं की सुरक्षा पर विधायक की सख्त चेतावनी

बैठक के दौरान छात्राओं ने विद्यालय के बाहर सुरक्षा से जुड़ी गंभीर समस्याएं उठाईं. इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए विधायक प्रकाश चंद्र ने कहा कि छात्राओं की गरिमा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि थाना प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं. यदि अगली बैठक तक कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.

साथ ही सुरक्षा हेतु अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए. विद्यालय के बाहर लगी अस्थायी दुकानों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा. सड़क पर सुरक्षा के मद्देनजर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को भी स्वीकार कर लिया गया है.

गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता: SDO

बैठक में मौजूद एसडीओ अमित राजन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता उच्च स्तर की होनी चाहिए.  उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने की चेतावनी दी.

मेधावी छात्राएं हुईं सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया. अतिथियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

बैठक में इनकी रही उपस्थिति

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के डीपीओ, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विकास कुमार, ईओ ऋषिकेश अवस्थी, प्रबंध समिति सदस्य नीरज कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक और कई गणमान्य लोग मौजूद थे. अतिथियों का स्वागत प्रभारी प्रधानाध्यापक रविंद्र नाथ ने किया.

Read more: दो वर्षों से बंद जलमीनार, बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहा औरंगाबाद का महादलित टोला, प्रशासन बेखबर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >