Aurangabad News:(सुजीत कुमार सिंह) औरंगाबाद जिले का नाम बदलकर ‘देव’ किए जाने की मांग को लेकर रविवार को देव प्रखंड के केताकी बाजार में जागरूकता रैली निकाली गई. इस दौरान औरंगाबाद जिले का नामकरण देव के नाम पर करने की मांग को लेकर देव संघर्ष मोर्चा की बैठक शिव मंदिर, केताकी में सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में आगामी तीन जुलाई को जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान से समाहरणालय तक प्रस्तावित प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया.
देव की ऐतिहासिक पहचान के आधार पर उठी नामकरण की मांग
बैठक को संबोधित करते हुए समाजसेवी एवं आंदोलन के नेतृत्वकर्ता सिद्धेश्वर विद्यार्थी ने कहा कि बिहार के कई जिलों का नाम उनके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के अनुरूप रखा गया है. उन्होंने रोहतास, कैमूर, भोजपुर, वैशाली और नालंदा जिलों का उदाहरण देते हुए कहा कि औरंगाबाद जिले के सबसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल देव के नाम पर जिले का नामकरण होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर की राष्ट्रीय पहचान है. साथ ही जिले में देव रोड हॉल्ट रेलवे स्टेशन की मौजूदगी भी इस मांग को और मजबूत आधार प्रदान करती है.
संघर्ष मोर्चा की केताकी इकाई का हुआ गठन
बैठक में देव संघर्ष मोर्चा की केताकी इकाई का गठन भी किया गया. सर्वसम्मति से अर्जुन प्रसाद गुप्ता को संरक्षक, धीरेन्द्र रंजन को अध्यक्ष, हरिकांत पाठक एवं जगदीप सागर को उपाध्यक्ष, चंदन सिंह को सचिव, संजय मेहता एवं सोनू सिंह को उपसचिव तथा धुरा पासवान को कोषाध्यक्ष बनाया गया. इसके अलावा अन्य पदाधिकारियों को भी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं.
दीपक गुप्ता के सुझाव पर पंचायत स्तर पर समितियों का गठन कर जनभागीदारी बढ़ाने का निर्णय लिया गया. इसके लिए विभिन्न पंचायतों में बैठकों के आयोजन तथा प्रभारियों की नियुक्ति की भी घोषणा की गई.
तीन जुलाई के प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान
स्थानीय मुखिया धीरेन्द्र रंजन, सरपंच धुरा पासवान एवं पंचायत समिति सदस्य चंदन कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को औरंगाबाद जिले का नाम ‘देव’ करने के लिए संघर्ष का संकल्प दिलाया. उन्होंने कहा कि तीन जुलाई को आयोजित होने वाला प्रदर्शन जनभावनाओं का बड़ा प्रदर्शन होगा.
जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय
बैठक में निर्णय लिया गया कि मांग के समर्थन में बाइक, टेंपो, बस एवं अन्य वाहनों पर देव सूर्य मंदिर के स्टिकर लगाकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा. इसके माध्यम से जिले के हर गांव और पंचायत तक इस मांग को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
बैठक एवं जागरूकता रैली में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं देव संघर्ष मोर्चा के सदस्य उपस्थित रहे. सभी ने एक स्वर में जिले का नाम ‘देव’ करने की मांग को लेकर आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया.
Also Read : शिवराजपुर हत्याकांड: नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रिय
