औरंगाबाद में बालिका इंटर स्कूल के पास चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम

Aurangabad News: औरंगाबाद में बालिका इंटर स्कूल के पास नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे में कब्जा हटाने का अल्टीमेटम दिया गया.

Aurangabad News: औरंगाबाद शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से नगर परिषद दाउदनगर ने मौलाबाग रोड स्थित बालिका इंटर स्कूल के समीप विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी के नेतृत्व में सड़क एवं सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया.

छात्राओं को हो रही थी परेशानी, नगर परिषद ने शुरू की कार्रवाई

अभियान के दौरान जेसीबी, सफाई कर्मियों और नगर परिषद की टीम की मौजूदगी में कई स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए. जांच में पाया गया कि कई दुकानदारों ने बांस-बल्ला एवं अस्थायी ढांचे बनाकर सरकारी भूमि पर कब्जा कर रखा था. वहीं सड़क किनारे फूड वैन, गुमटी, ठेला और अन्य अस्थायी दुकानों के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी.

स्कूल के आसपास अतिक्रमण से छात्राओं का आवागमन हुआ प्रभावित

नगर परिषद के अनुसार सबसे अधिक समस्या मौलाबाग बालिका इंटर स्कूल के आसपास देखने को मिली, जहां अतिक्रमण के कारण छात्राओं और उनके अभिभावकों को विद्यालय आने-जाने में कठिनाई हो रही थी. टीम ने मौके पर कई अतिक्रमण हटवाए और संबंधित लोगों को दोबारा सरकारी भूमि पर कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी.

फूड वैन, गुमटी और बड़े वाहनों को हटाने का निर्देश

अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़े बड़े वाहनों को भी चिन्हित किया गया. नगर परिषद ने फूड वैन संचालकों, गुमटी मालिकों और बड़े वाहनों के स्वामियों को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने और वाहन हटाने का निर्देश दिया.

24 घंटे बाद होगी जेसीबी कार्रवाई

कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी ने स्पष्ट कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों, विद्यालयों, सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर परिषद जेसीबी से कार्रवाई करेगी और नियमानुसार कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे.

शहर के अन्य हिस्सों में भी चलेगा अभियान

कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना, सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना और शहर को व्यवस्थित बनाना है. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी प्रकार का अभियान चलाया जाएगा.

अभियान में टाउन स्वच्छता पदाधिकारी अमन कुमार, नगर परिषद के अमीन अर्जुन कुमार, सफाई कर्मी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: OM PRAKASH

Published by: Vivek Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >