(औरंगाबाद के मदनपुर से विनय कुमार सिंह की रिपोर्ट)
Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के मंझार गांव में बुधवार सुबह एक 19 वर्षीय युवती का शव घर के आंगन में लगे अमरूद के पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
सुबह परिजनों ने देखा पेड़ से लटका शव
मृतका की पहचान मंझार गांव निवासी गुलाम हैदर की 19 वर्षीय पुत्री नगमा प्रवीण के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उन्होंने युवती को आंगन में लगे अमरूद के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटका हुआ देखा. पास जाकर जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी.
घटना के बाद गांव में मची हलचल
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. युवती की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर मदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया.
हर पहलू से की जा रही जांच
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला युवती द्वारा दुपट्टे के सहारे फांसी लगाने का प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: 8 मिलियन व्यूज वाली ट्रेन स्टंट रील पड़ी भारी, हाजीपुर की महिला को अब देना होगा इतना जुर्माना
