औरंगाबाद ग्रामीण. रिसियप थाना क्षेत्र के बड़का गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक मारपीट हो गई. घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया. वहीं दूसरे पक्ष के भी कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि उनकी पहचान नहीं हो सकी है.
मारपीट में विकास सिंह समेत कई लोग हुए घायल
घायलों में गांव निवासी विकास सिंह, अनिता देवी, अखिलेश सिंह, नीलम कुमारी सहित अन्य लोग शामिल हैं. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान घायलों ने बताया कि गांव के ही पटीदारों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. इससे पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं.
लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से किया हमला
घायलों के अनुसार, शुक्रवार की रात गांव के ही पटीदार करीब आधा दर्जन की संख्या में लाठी-डंडा लेकर पहुंचे. आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए उन्होंने हमला कर दिया. इस दौरान घर की महिलाओं ने भी ईंट-पत्थर फेंके, जिससे कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
Dial 112 की टीम ने पहुंचकर कराया मामला शांत
विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया. इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया.
रिसियप थाना में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी
घायलों ने इलाज के बाद शनिवार को रिसियप थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराने की बात कही है. पुलिस को मारपीट की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है. वहीं दूसरे पक्ष के घायलों की पहचान और पूरे विवाद की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
