Aurangabad News: रामनगर बाजार से सटे सोनपुरा मुहल्ले में सड़क पर जलजमाव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर प्रभात खबर में 30 अगस्त को प्रकाशित खबर का असर महज दो दिनों में दिख गया. खबर प्रकाशित होने के बाद पथ निर्माण विभाग ने सड़क की मरम्मत करा दी. सड़क की स्थिति सुधरने से स्थानीय लोगों को अब आवागमन में परेशानी कम होने की उम्मीद जगी है.
गौरतलब है कि रामनगर बाजार से सोनपुरा मुहल्ले तक करीब 100 मीटर सड़क लंबे समय से बदहाल थी. सड़क के कई हिस्सों के धंस जाने से बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता था. जलजमाव के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गये थे. इससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ बाइक और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती थी. पानी में गड्ढों का अंदाजा नहीं लगने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी.
प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद हुई कार्रवाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, जलजमाव के कारण आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और बीमारी फैलने की आशंका भी बनी थी.
इस समस्या को प्रभात खबर ने 'रामनगर बाजार में सड़क पर जमा हुआ गंदा पानी, आवागमन मुश्किल' शीर्षक से 30 अगस्त के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था. खबर में सड़क की बदहाल स्थिति, जलजमाव और लोगों की परेशानी को प्रमुखता से उठाया गया था.
पूर्व सांसद ने लिया संज्ञान
खबर प्रकाशित होने के बाद पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने मामले का संज्ञान लिया. उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बात कर सड़क की स्थिति से अवगत कराया और तत्काल मरम्मत कराने को कहा. इसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क की मरम्मत करा दी. महज दो दिनों में कार्रवाई होने से स्थानीय लोगों में संतोष है.
स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क की मरम्मत से फिलहाल आवागमन में राहत मिलेगी. हालांकि, लोगों ने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान दोबारा सड़क पर पानी जमा न हो. लोगों का कहना है कि यदि जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाये, तो सड़क लंबे समय तक सुरक्षित रह सकेगी.
