Aurangabad News : कुटुंबा प्रखंड के अंबा बाजार स्थित औरंगाबाद रोड दुर्गा मंदिर में आगामी दुर्गापूजा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. पूजा आयोजन को भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंदिर के समीप सौरभ सिंह के परिसर में श्री मां दुर्गा पूजा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में समिति का पुनर्गठन करने के साथ ही दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में सर्वसम्मति से नागेंद्र कुमार सिंह को समिति का अध्यक्ष चुना गया. वहीं सौरभ सिंह को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई. अंबा के मुखिया प्रतिनिधि नवीन कुमार सिंह उर्फ मंटू सिंह को मुख्य संरक्षक तथा पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि कंचन गुप्ता को संयोजक बनाया गया.
पदाधिकारियों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
समिति के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी महेश शर्मा, अखिलेश गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, विनय गुप्ता, शक्ति गुप्ता और दिवाकर सोनी को दी गई है. वहीं संजय मालाकार, मुन्ना सिंह, निकेतन शर्मा और चंदन गुप्ता को सहसचिव बनाया गया है. पवन सोनी और रंजन शर्मा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अमित मालाकार को समन्वयक बनाया गया है. इसके अलावा समिति के अन्य सदस्यों को भी दुर्गापूजा आयोजन से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं.
Also Read : औरंगाबाद डीएम ने पीएचसी जम्होर का किया निरीक्षण, ओपीडी, लैब और दवा भंडार की व्यवस्था परखी
भव्य पंडाल और आकर्षक प्रतिमा बनाने पर जोर
बैठक में इस वर्ष दुर्गापूजा को पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक भव्य और आकर्षक बनाने पर विशेष जोर दिया गया. इसके लिए भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराने, मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा तैयार कराने, पंडाल में बेहतर विद्युत सज्जा करने और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाने को लेकर चर्चा की गई. समिति के सदस्यों ने समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने पर सहमति जताई, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सके.
पंडाल परिसर में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है. इसके अलावा साफ-सफाई, पेयजल, श्रद्धालुओं के आने-जाने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई. समिति के सदस्यों ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा.
Also Read : देव नगर में बाइकर्स गैंग का आतंक, तेज रफ्तार रेसिंग से हादसे का खतरा
शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन समिति की प्राथमिकता
समिति के अध्यक्ष नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष दुर्गापूजा का आयोजन भव्यता के साथ किया जाएगा. समिति के सभी सदस्य आपसी समन्वय और सहयोग से आयोजन को सफल बनाने में जुटेंगे. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना समिति की प्राथमिकता है. आयोजन के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए समिति के सदस्य विशेष रूप से सक्रिय रहेंगे. बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आयोजन को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए और सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का संकल्प लिया.
Also Read : औरंगाबाद में ओवरटेक के दौरान ट्रेलर से टकरायी सवारी बस, डिवाइडर से भिड़ी, बाल-बाल बचे यात्री
