मामूली बारिश में डूब रहा अंबा बाजार, बदहाल ड्रेनेज सिस्टम बना बड़ी परेशानी

औरंगाबाद के अंबा बाजार में बारिश शुरू होते ही जल निकासी व्यवस्था चरमरा गई है. मामूली सी बारिश में ही बाजार की सड़कें जलमग्न हो रही हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. लोगों ने ड्रेनेज सिस्टम को आधुनिक बनाने की मांग की है.

Aurangabad News : बारिश शुरू होते ही अंबा बाजार की जल निकासी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. मामूली बारिश में ही बाजार की मुख्य सड़कें जलमग्न हो रही हैं. जगह-जगह जलजमाव से राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि हर वर्ष सफाई के नाम पर खानापूर्ति होती है, लेकिन ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने की दिशा में ठोस पहल नहीं की जाती.

पुरानी नालियां नहीं संभाल पा रहीं पानी का दबाव

स्थानीय लोगों के अनुसार एनएच-139 के किनारे बनी करीब एक फीट चौड़ी और डेढ़ फीट गहरी पुरानी नालियां अब अपनी उपयोगिता खो चुकी हैं. बढ़ती आबादी और बाजार के विस्तार के अनुरूप इनकी क्षमता पर्याप्त नहीं है. परिणामस्वरूप थोड़ी सी बारिश में ही पानी सड़कों पर फैल जाता है.

हाल ही में औरंगाबाद रोड के पश्चिमी हिस्से की नालियों की सफाई कराई गई, लेकिन कई स्थानों पर नालियों के ढक्कन टूटे हुए हैं और सफाई भी अधूरी बताई जा रही है. वहीं औरंगाबाद रोड के पूर्वी हिस्से तथा हरिहरगंज रोड के दोनों किनारों की नालियों की अब तक सफाई नहीं हो सकी है.

नवीनगर रोड की स्थिति भी चिंताजनक

हरिहरगंज रोड में नालियां सड़क से काफी नीचे होने के कारण बारिश का पानी नालियों में जाने के बजाय सड़क पर ही जमा हो जाता है. वहीं नवीनगर रोड के उत्तरी हिस्से में अब तक नाली का निर्माण नहीं होने से पुरानी और क्षतिग्रस्त नाली का पानी सीधे सड़क पर बहता है. इससे सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है.

स्थायी समाधान की उठी मांग

स्थानीय लोगों ने चिल्हकी मोड़ से बतरे नदी तक तथा सब्जी बाजार मोड़ से मुख्य नाला तक नई और चौड़ी नालियों के निर्माण, जर्जर नालियों के पुनर्निर्माण तथा सड़क के बड़े गड्ढों की तत्काल मरम्मत की मांग की है. उनका कहना है कि केवल सफाई अभियान से समस्या का समाधान संभव नहीं है, बल्कि पूरे ड्रेनेज सिस्टम को आधुनिक और आवश्यकता के अनुरूप विकसित करना होगा.

प्रस्ताव विभाग को भेजा गया

बीस सूत्री समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रखंड स्तरीय बैठक में एनएच-139 की नालियों के पुनर्निर्माण, नवीनगर रोड में नई नाली निर्माण तथा चिल्हकी मोड़ तक टाउन फीडर विस्तार का प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभागों को भेज दिया गया है. अब स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक हो पाता है.

Also Read : निशांत कुमार अचानक पहुंचे LNJP हॉस्पिटल, मरीजों से की बात, व्यवस्थाओं को देख भड़के


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ambuj kumar

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >