राइफल व विस्फोटक बरामद
कुछ और नक्सलियों के मारे जाने व घायल होने की खबर
बड़ी घटना को अंजाम देने की थी तैयारी
औरंगाबाद/इमामगंज : औरंगाबाद-गया जिलों की सीमा पर स्थित सागरपुर जंगल में रविवार की सुबह हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में पुलिस-सीआरपीएफ-कोबरा के जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया. इस घटना में कुछ और नक्सलियों के मारे जाने व घायल होने की सूचना है. एंटी नक्सल अभियान में जुटे जवानों ने मौके से राइफल, विस्फोटक सामग्री, नक्सली साहित्य व अन्य सामान बरामद किया है. इस घटना की पुष्टि गया एसएसपी गरिमा मलिक व औरंगाबाद एसपी सत्यप्रकाश ने की है. दोनों पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है.
कुछ और नक्सली मारे गये हैं या जख्मी हुए हैं, क्योंकि जिस रास्ते से नक्सली भाग निकले हैं, वहां भारी मात्रा में खून बिखरा मिला. उन्होंने नक्सलियों के खिलाफ कांबिंग ऑपरेशन जारी रखने का एलान किया. सागरपुर जंगल औरंगाबाद के मदनपुर और गया के इमामगंज प्रखंड स्थित छकरबंधा थाना क्षेत्र में है. मुठभेड़ का नेतृत्व कर रहे एएसपी अभियान राजेश भारती ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सब जोनल कमांडर रामप्रसाद का दस्ता छकरबंधा के जंगलों में बैठक कर रहा है.
इस पर सीआरपीएफ-कोबरा के जवानों के साथ जिला पुलिस की टीम ने जंगल में सर्च अभियान शुरू किया. इस दौरान नक्सली गोलियां चलाने लगे. जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया. उसके शव को बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य भाग निकले. घटनास्थल से एक राइफल के साथ कुछ विस्फोटक सामग्री, नक्सली साहित्य व अन्य सामान बरामद किया गया है.
