नगर पर्षद कार्यालय में घुटने भर लगा पानी, कई इलाके जलमग्न

परेशानी. मूसलधार बारिश से फीका हुआ दशहरा, जलजमाव से मुश्किल दुर्गापूजा पंडालों में टपक रहा पानी औरंगाबाद सदर : शनिवार की रात से हो रही मूसलधार बारिश ने शहर की सूरत एक बार फिर से बिगाड़ दी है. नगर पर्षद क्षेत्र के विभिन्न मुहल्लों में वर्षा का पानी सड़क पर जमा हो गया है. रात […]

परेशानी. मूसलधार बारिश से फीका हुआ दशहरा, जलजमाव से मुश्किल

दुर्गापूजा पंडालों में टपक रहा पानी
औरंगाबाद सदर : शनिवार की रात से हो रही मूसलधार बारिश ने शहर की सूरत एक बार फिर से बिगाड़ दी है. नगर पर्षद क्षेत्र के विभिन्न मुहल्लों में वर्षा का पानी सड़क पर जमा हो गया है. रात से हो रही बारिश ने दशहरा का उत्साह भी फीका कर दिया है. सप्तमी को पूजा पंडाल व मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन करने निकले श्रद्धालुओं की भीड़ में कमी दिखी. वहीं अष्टमी को भी वर्षा के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ अपेक्षा से कम दिखी. लगातार हो रही बारिश ने लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल कर दिया है.
वहीं दुर्गापूजा की रौनक पर भी पानी फेर दिया है. शहर के सड़कों की हालत तो बदतर हुई ही है. साथ ही पूजा पंडालों की सजावट भी पानी से धूमिल हो गयी है. कई पूजा पंडालों में पानी टपक रहा है, जिससे पूजा समितियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. रविवार को अष्टमी पूजा पर होने वाले खोइछा भराई पूजा पर घर से बाहर निकली महिलाओं को काफी परेशानी उठाना पड़ा. मौसम का मिजाज अचानक बदल जाने से पूजा का उत्साह थोड़ा कम हो गया है फिर भी लोग शहर के पूजा पंडालों का दीदार करने के लिये छिटपुट सड़कों पर निकले.
मूर्तियों को बारिश के पानी से बचाना मुश्किल
पूजा समितियों द्वारा लाखों रुपये खर्च कर बनाये गये पूजा पंडालों से जब बारिश का पानी टपकने लगा तो पूजा पंडाल में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को बचाना मुश्किल साबित होने लगा. पूजा समिति के कार्यकर्ताओं को यह अंदाजा भी नहीं था कि बारिश से पूजा पंडाल प्रभावित होंगे. लेकिन, जब मूसलधार बारिश शुरू हुई तो, पंडाल में स्थापित मूर्तियां भी भिंगने लगीं. इसके बाद आनन-फानन में पूजा समितियों ने मूर्तियों को पानी से बचाने की कवायद शुरू की. इसके बावजूद, पंडालों की सजावट प्रभावित हुई है.
फुटपाथी दुकानदारों की रोजी-रोटी पर आफत बन कर आयी बारिश
दुर्गापूजा के अवसर पर सड़क के किनारे लगे फुटपाथी दुकान भी मूसलधार बारिश से प्रभावित हुए हैं. फुटपाथी दुकानदारों को बारिश के कारण मुसीबत उठानी पड़ रही है. त्योहार पर होनेवाले आमदनी की अपेक्षा जताने वाले फुटपाथी दुकानदार बारिश के कारण मायूस नजर आये. बारिश के कारण उनकी दुकानदारी काफी प्रभावित हुई. फुटपाथी दुकानदारों को डर है कि मेले में सामान नहीं बिका तो पूंजी भी फंस जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >