पुलिसकर्मी होंगे पुरस्कृत
औरंगाबाद नगर : बिहार में जब से शराब बंदी हुई है, तब से गांजा का कारोबार बढ़ गया है. ओड़िसा के रास्ते बिहार में गांजा बड़ी मात्रा में तस्करों द्वारा लाया जा रहा है और मनमानी कीमतों पर बेचा जा रहा है. इसी क्रम में ओड़िसा से भोजपुर के लिए जा रही पिकअप वैन से भारी मात्रा में गांजा रविवार को औरंगाबाद पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बटाने नदी के पास से जब्त किया है. साथ ही, साथ चार अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.
एसपी सत्यप्रकाश ने कहा कि इन गांजा तस्करों का सरगना हसपुरा थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी ओमप्रकाश गिरी है, जो अभी पुलिस पकड़ से बाहर हैं. जबकि, उसके पुत्र रौशन कुमार के अलावे रामलखन तिवारी, उपेंद्र गिरी, सूरज साव को गिरफ्तार किया गया है. इन अंतरराज्यीय तस्करों की संपत्ति को जब्त करने के लिए सरकार के पास रिपोर्ट भेजी जायेगी, साथ ही साथ स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कम समय में सजा दिलायी जायेगी.
पुलिस से छुड़ाने के लिए रखे थे दो लाख 70 हजार : एसपी ने बताया कि गांजा तस्करों के पास से नकद दो लाख 70 हजार रुपये बरामद किये गये हैं. उसके बारे में गांजा तस्कर रौशन कुमार और रामलखन तिवारी ने पुलिस को बताया कि रास्ते में जब पुलिस वाहन को पकड़ लेती है, तो छुड़ाने के लिए ये रुपये रखे थे. एसपी ने यह भी बताया कि पहले भी गांजा तस्करी के मामले में लोग जेल जा चुके हैं. पुलिस इन लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही मुख्य सरगना ओमप्रकाश गिरी के लिये की जा रही है. प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ पीएन साहू, इंस्पेक्टर कृष्णनंदन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे.
