गांधीगिरी. घर के सामने मिला कचरा, तो पहनायी माला
शहर की सड़क पर झाड़ू लगाते वार्ड पार्षद, कार्यपालक अधिकारी व अन्य.
औरंगाबाद शहर : गांधी जयंती के मौके पर नगर पर्षद के पार्षद गांधीगिरी कर शहरवासियों से साफ-सफाई की अपील करने सड़क पर उतरे. शहर के प्रत्येक मुहल्ले में घूम-घूम कर साफ-सफाई पर लोगों का ध्यान दिलाया. जिन लोगों के घरों व प्रतिष्ठानों के सामने कचरे पसरे थे, उन्हें गांधीगिरी के माध्यम से माला पहनाया गया, ताकि वे साफ-सफाई पर ध्यान रखें. शहर के धर्मशाला चौक पर एक नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया, जिससे यह संदेश दिया गया कि साफ-सफाई से ही हमारा जीवन स्वस्थ व स्वच्छ रह सकता है. इससे पहले नगर पर्षद की मुख्य पार्षद स्वेता गुप्ता, उप मुख्य पार्षद उर्मिला सिंह,
कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार, वार्ड पार्षद सतीश सिंह, विनोद ठाकुर, अनिल यादव, ओम प्रकाश यादव, सिकंदर हयात, खुर्शीद अहमद , मो फारूख, सीनेश सिंह, सिंटू तिवारी, मरगूब आलम व अन्य पार्षद व प्रतिनिधि शहर की सड़कों की सफाई करने उतरे. कई घंटे तक सफाई अभियान चलाया गया. मुख्य सड़क से लेकर विभिन्न मुहल्लों की सड़कों की सफाई की गयी. कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार ने बताया कि साफ-सफाई हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है. यह हमारे दिनचर्या में शामिल होना चाहिए. नगर पर्षद शहरवासियों से सहयोग की अपेक्षा रखता है.
