सतर्कता: सदर अस्पताल में बढ़ी पॉकेटमारों की सक्रियता, पर्ची की लाइन में बरतें सावधानी
फोटो नंबर-8- पर्ची के कतार में खड़े मरीज प्रतिनिधि, औरंगाबाद ग्रामीण.औरंगाबाद सदर अस्पताल में इन दिनों पॉकेटमारों की सक्रियता बढ़ गयी है. ये पॉकेटमार यहां अपना व अपने परिजनों का इलाज कराने आने वाले लोगों के पैसे चुरा ले रहे हैं. ऐसा ही एक मामला गुरुवार की दोपहर सामने आया जब, सदर अस्पताल में जांच कराने पहुंची एक गर्भवती महिला की थैली से 1400 रुपये उड़ा लिये गये. पीड़िता की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी रेणु कुमारी के रूप में हुई है. रेणु ने बताया कि वह नियमित जांच के लिए सदर अस्पताल पहुंची थीं. उनके गोद में एक बच्चा था और हाथ में प्लास्टिक की थैली थी, जिसमें आवश्यक कागजात के साथ 1400 रुपये रखे थे. जांच के लिए कतार में खड़ी थी, तभी किसी ने थैले से रुपये निकाल लिये. कुछ देर बाद रुपये गायब होने का एहसास हुआ तो उसने शोर मचाया. इसी दौरान उसने पास खड़ी एक महिला को चाबी फेंकते देखा, जिससे उस पर संदेह हुआ. इधर, पीड़िता ने एक महिला पर चोरी का आरोप लगाया. हंगामा बढ़ते देख अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों महिलाओं से पूछताछ की. उपाधीक्षक कक्ष में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गयी. इसके बाद आरोपित महिला से जब अस्पताल से संबंधित पर्ची मांगी गयी, तो वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी. मामला संदिग्ध होने पर नगर थाना पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की. हालांकि बाद में मामले को दोनों महिलाओं ने आपस में सुलझा लिया. बता दें कि इससे पहले भी अस्पताल के वार्ड से भी कई बार मरीजों के सामान व मोबाइल भी गायब किये जा चुके हैं. ऐसे में मरीजों व उनके परिजनों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है. चोर-उचक्कों का एक तरह से यहां साम्राज्य कायम हो गया है. कब किसका सामान गायब हो जाए कहा नहीं जा सकता.वैसे अस्पताल परिसर से कई बार मरीजों की बाइक भी चोरी हो चुकी है.
महिला पॉकेटमारों की चांदी
सदर अस्पताल में वैसे तो मरीजों के लिए पर्ची काउंटर की दो व्यवस्था बनायी गयी है. एक काउंटर पर महिलाएं, तो दूसरे काउंटर पर पुरुष पर्ची कटाते है. हालांकि यहां नियमों की अनदेखी होती है. पुरुष काउंटर पर महिला तो महिला काउंटर पर पुरुष भी पर्ची कटा लेते हैं. हर दिन पर्ची कटाने के लिए लंबी लाइन लगी रहती है. इसी लाइन में पॉकेटमार भी खड़े रहते है. वैसे अधिकांश पॉकेटमारी की घटनाओं में महिलाएं आरोपों के घेरे में रही हैं.क्या कहते हैं प्रबंधक
सदर अस्पताल के प्रबंधक प्रफुल्लकांत निराला ने बताया कि पॉकेटमारों व उचक्कों पर नजर रखने के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गयी है. घटनाओं को रोकने के लिए तत्पर रहते हैं. सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी रखी जाती है. कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे हर गतिविधि पर गंभीरता से नजर रखें.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
