तेज आंधी से नुकसान, कई जगहों पर पेड़ व घर गिरे
औरंगाबाद : जिले में मंगलवार की सुबह तेज आंधी व पानी के बाद ठनका गिरने से चार लोगों की मौत हो गयी. नवीनगर प्रखंड के माली थाना क्षेत्र के सहरसा गांव में गुप्ता साव की बेटी रूपा कुमारी की मौत वज्रपात हो गयी.
वहीं, कुटुंबा प्रखंड के जोड़ापर गांव में बधार में पशु चरा रहे नरेश पासवान व ओबरा प्रखंड के अतरौली टोले कंचनबिगहा गांव में महादेव भुइंया की 65 वर्षीया पत्नी की मौत हो गयी. महिला गांव के बधार में रबी फसल काटने निकली थी. साथ ही नवीनगर प्रखंड के बड़की पाढी गांव में 70 वर्षीय किसान नरेश पांडेय की मौत हो गयी. नरेश पांडेय खेसारी के फसल को काट रहे थे कि ठनका गिर गया.
बिहारशरीफ प्रतिनिधि के अनुसार, नालंदा जिले करायपरसुराय थाने के महादेव स्थान में मंगलवार की अहले सुबह तेज हवा के साथ बूंदाबांदी के दौरान ठनके से श्रवण यादव की पत्नी महापति देवी की मौत हो गयी, जबकि पुत्र मुकेश कुमार झुलस कर जख्मी हो गया. मां-बेटे अम्मा खंधे में मसूर की कटनी कर रहे थे. वहीं, परबलपुर थाने के दादूपुर गांव में चापाकल पर हाथ धो रहे मंगल मोची के पुत्र मिथिलेश रविदास की भी ठनके की चपेट में आने से मौत हो गयी.
गोपालगंज प्रतिनिधि के अनुसार, मंगलवार की अहले सुबह तेज आंधी व बूंदाबांदी से कई जगहों पर पेड़-पौधे गिर गये. बैकुंठपुर थाने के उसरी गांव में भाजपा नेता अभिषेक कुमार श्रीवास्तव का नवनिर्मित मकान गिर गया, जिसमें एक ही परिवार के छह लोग दब गये. स्थानीय अस्पताल के डॉक्टरों ने तीन लोगों को पीएमसीएच रेफर कर दिया है.
सीवान प्रतिनिधि के अनुसार, गोरेयाकोठी थाने के लद्दी गांव में तेज हवा के साथ हुई हल्की बारिश से एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गयी.
