अरवल ग्रामीण : एसडीओ यशपाल मीणा की पहल पर पूर्व विधायक चितरंजन कुमार ने 24 घंटे के जारी अनशन को समाप्त करने की घोषणा की. उसके बाद एसडीओ ने पूर्व विधायक सहित चार अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया. पूर्व विधायक ने बताया कि उनकी 12 सूत्री मांगों के विरुद्ध 15 दिनों के अंदर सभी समस्याओं का निष्पादन करने का अाश्वासन विद्युत विभाग के अधिकारी की उपस्थिति में एसडीओ ने दिया है.
उन्होंने कहा कि दिये गये आश्वासन के अनुसार अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे पार्टी के साथ आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे. बताते चलें कि दो जून को प्रखंड परिसर में 11 बजे से 12 सूत्री मांगों को लेकर अनशन पर बैठे थे. उनके साथ सरदार रणविजय सिंह तथा श्रीकांत शर्मा अनशन पर बैठे थे. इस मौके पर जिलाध्यक्ष ज्योति रंजन कुमार, जयशंकर प्रसाद, आनंद चंद्रवंशी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
