लड़के समेत छह को बनाया अभियुक्त
कुर्था : थाना क्षेत्र के कुर्था डीह निवासी एक युवती ने प्रेम प्रसंग में बाधा आने पर जान दे दी. जानकारी के अनुसार कुर्था डीह निवासी रहवर आलम की पुत्री तबस्सुम परवीन अपने मकान मालिक के लड़के खालिद मल्लिक से प्यार करती थी. दोनों ने एक साथ जीने- मरने की कसमें खायी थीं. लगभग तीन माह पूर्व कुछ दिनों के लिए दोनों घर से गायब भी रहे. वापस अाने के बाद पंचायत बैठी थी, पर लड़के के मामा एवं मां के विरोध पर उस वक्त दोनों की शादी नहीं हो सकी.
घटना के एक दिन पूर्व पुन: पंचायत बैठायी गयी, जिसमें लड़के के मामा ने लड़की को दिखा देने की धमकी दी थी. हालांकि लड़की की मां नसीमा खातून उर्फ आसमां खातून ने पुलिस को दिये गये आवेदन में कहा है कि लड़के की मां सहिदा खातून ने मेरी बेटी को सुबह में दो गोली लाकर खाने को दी थी, जिसे मेरी बेटी ने खा लिया. खाने के बाद मेरी बेटी की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गयी और अंतत: उसकी मौत इलाज के दौरान हो गयी. उन्होंने बेटी की मौत के लिए लड़के समेत छह को अभियुक्त बनाया है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल अरवल भेज दिया है. पुलिस हर बिंदु पर तहकीकात करने में जुट गयी है.
