किसानों को मिले योजनाओं की जानकारी
प्रखंडस्तरीय महा अभियान सह महोत्सव 2017 का आयोजन
अरवल ग्रामीण : जिला मुख्यालय अवस्थित संयुक्त कृषि भवन में प्रखंडस्तरीय महा अभियान सह महोत्सव 2017 का आयोजन किया गया. जिसका उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष रंजय कुमार व जिला कृषि पदा. रामबाबू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया. इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सभी संसाधनों का लाभ सत प्रतिशत किसानों को मिलना चाहिए. लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण किसान इसका लाभ शत प्रतिशत नहीं उठा पा रहे हैं. इसके लिए किसानों के बीच व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा.
ताकि किसान इसकी जानकारी रखे और इसका लाभ उठा सके. जिला कृषि पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि विभाग द्वारा कई प्रकार की योजनाएं चलायी जा रही है. इसके तहत कृषि मंत्री नयी तकनीक से खेती कार्य करने के अलावे अन्य योजनाओं की जानकारी समय-समय पर किसानों के बीच उपलब्ध करायी जा रही है. इन्होंने बताया कि जो किसान अभी तक आधार कार्ड नहीं बना पाए है वे शीघ्र ही आधार कार्ड को बनवा लें. क्योंकि एक जून से सरकार के द्वारा दी जाने वाली अनुदान की राशि व उर्वरक बगैर आधार कार्ड के नहीं मिलेगा. वहीं कृषि वैज्ञानिक एके दास व निषाद प्रकाश द्वारा किसानों को उन्नत खेती करने के लिए नई-नई तकनीक की जानकारी दी गयी. साथ ही फसलों में लगने वाले बीमारियों की पहचान व उसकी रोकिथाम के लिए कीटनाशक दवाओं के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी. वैज्ञानिकों ने कम लागत में अधिक मुनाफा के लिए श्रीविधि,औषधियां पौधा, फूल पत्ती खेती के अलावे अन्य प्रकार की खेती करने के लिए सुझाव किसानों को दिया. वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती में ज्यादा मात्रा में रसायनिक खाद का प्रयोग न करने के लिए कहा. रासायनिक खाद के बदले जैविक खाद का प्रयोग खेतों में करने की सलाह दिया. रसायनिक खाद से हाने वाली हानि व लाभ के बारे में भी किसानों को बतलाया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी अरुण कुमार ने किया. जबकि इस मौके पर किसान भूषण रामजनम सिंह, सभी कृषि समन्वयक सभी किसान सलाहकार के अलावे अन्य संबंधित कर्मी मौजूद थे.
