अरवल ग्रामीण : पटना से औरंगाबाद जाने के क्रम में जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद पप्पू यादव को अरवल पहुंचने पर जिलाध्यक्ष सुबोध यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पाहार देकर स्वागत किया व समर्थन में नारे भी लगाये. कार्यकर्ताओं के स्वागत को स्वीकार करते हुए अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की सरकार बेनामी संपत्ति की जांच कराने में असमर्थ साबित हो रही है. यही कारण है कि अभी तक मंत्री, विधायक व नेताओं की बेनामी संपत्ति की जांच नहीं करायी जा रही है,
जबकि लालू प्रसाद यादव, नंद किशोर यादव, सुशील मोदी, नित्यानंद राय के अलावा अन्य लोगों के पास बेनामी संपत्ति है. अगर कोई के पास अचानक अकूत संपत्ति अर्जित हो जाती है, तो उसकी भी जांच होनी चाहिए. अगर कम समय में इतनी संपत्ति अर्जित करता है, तो कहीं न कहीं से भ्रष्टाचार किया है. मौके पर नन्हे यादव, नीतीश कुमार, पप्पू कुमार, जितेंद्र यादव, छोटे यादव के अलावे अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
