मखदुमपुर : थाना क्षेत्र के कायमगंज गांव में सोमवार को गांव निवासी एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. छेड़खानी किये जाने का विरोध करने पर लड़की और उसकी मां के साथ घर पर चढ़ कर मारपीट किये जाने का आरोप लगाया गया है. इस संबंध में लड़की की मां के बयान पर थाने में एफआइआर दर्ज करायी गयी है
जिसमें छह लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस ने छापेमारी कर छेड़खानी के आरोपित युवक के पिता उपेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है. प्राथमिकी की सूचक उक्त महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी पुत्री के साथ गांव का ही चिंटू कुमार नामक युवक छेड़खानी करता था. लड़की ने इसकी सूचना अपनी मां को दी. दोनों मां-बेटी इसकी शिकायत करने लड़के के घर गये जहां काफी नोकझोंक हुई.
