कहा, महिला मुख्यमंत्री के राज्य में महिलाओं का हो रहा अपमान
अरवल : भाकपा- माले जिला इकाई के तत्वावधान में नरेंद्र मोदी और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुतलाें का दहन किया गया. इस दौरान भाकपा-माले कार्यालय से बड़ी संख्या में हाथ में झंडा-बैनर लिये कार्यकर्ताओं ने नेताओं के विरुद्ध नारेबाजी भी की और मुख्यालय शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सदर प्रखंड मुख्यालय परिसर पर पहुंच कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वसुंधरा राजे का पुतला दहन किया गया. जिला सचिव महानंद ने कहा कि देश में बहुत ही भयावह स्थिति पैदा की जा रही है.
एक महिला मुख्यमंत्री के राज्य में महिलाओं का अपमान किया जा रहा है. फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी का विरोध करनेवाले मजदूरों के नेता हुसैन की नगर पर्षद के कर्मियों द्वारा पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी. उन्होंने जफर हुसैन के हत्यारे को गिरफ्तार करने व भगवा आतंक मचाने वालों को सरकारी संरक्षण देने पर रोक लगाने की मांग की. उन्होंने लोगों का आह्वान किया है कि इन सवालों को लेकर आमजन संघर्ष तेज करने में सहयोग करें ताकि देश के अंदर सामान्य स्थिति कायम रह सके. प्रदर्शन में जितेंद्र यादव, रवींद्र यादव, गणेश यादव समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता उपेंद्र पासवान ने की.
