आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के बहिरो-पियनिया मार्ग पर नहर किनारे स्थित पेड़ से एक युवक का शव लटका हुआ मिला. शव के मिलने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मची रही. परिजन द्वारा खुद से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही जा रही है.
जानकारी के अनुसार मृतक नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मोहल्ला वार्ड नंबर-44 निवासी बासरोपन पासवान का 42 वर्षीय पुत्र गुड्डू पासवान है. वह पेशे से मजदूर था.
परिजनों ने दी जानकारी और पुलिस की कार्रवाई
इधर, मृतक के परिजन सुजीत कुमार ने बताया कि उसके घर के सभी लोग अपने-अपने काम पर गए हुए थे. इसी बीच बहिरो-पियनिया मार्ग स्थित नहर किनारे पेड़ से गले में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई. जब उधर से गुजर रहे मोहल्ले के लड़कों ने उसे पेड़ से लटका देखा, तो उसने इसकी सूचना उसके परिजन को दी.
सूचना पाकर परिजन एवं स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया.
आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं, पुलिस कर रही छानबीन
वहीं दूसरी तरफ मृतक के परिजन सुजीत कुमार ने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही है. साथ ही उसने बताया कि उसने फांसी क्यों लगाई, यह किसी को नहीं मालूम. बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है.
पारिवारिक पृष्ठभूमि और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बताया जाता है कि मृतक अपने चार बहनों व दो भाइयों में बड़ा था. उसकी शादी काफी समय पहले हुई थी. शादी के कुछ दिन बाद ही उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी.
उसके परिवार में मां किरण देवी, चार बहनें करीना, बसंती, रेखा, चंदा एवं एक भाई विश्वकर्मा पासवान हैं. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. उसकी मां किरण देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
