Arrah News : आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र के छोटकी सिंगही गांव स्थित बगीचे में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. लकड़ी चुनने गई एक महिला के ऊपर अचानक आम का पेड़ गिर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के दौरान महिला के साथ मौजूद उसकी बेटी बाल-बाल बच गई.
लकड़ी चुनने के दौरान अचानक गिरा आम का पेड़
जानकारी के अनुसार मृतका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमीरा गांव निवासी स्व. रजिन्द्र मांझी की 45 वर्षीय पत्नी मुटरी देवी थीं. रविवार सुबह वह अपनी बेटी के साथ छोटकी सिंगही गांव स्थित आम के बगीचे में लकड़ी चुनने गई थीं. इसी दौरान अचानक आम का पेड़ उनके ऊपर गिर गया.
मौके पर ही चली गई महिला की जान
पेड़ गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. वहीं, उनके साथ मौजूद बेटी इस हादसे में बाल-बाल बच गई. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना पर पहुंची पुलिस, कराया गया पोस्टमार्टम
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया.
परिवार में पसरा मातम
हादसे के बाद मृतका के घर में मातम छा गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अचानक हुई इस घटना से गांव में भी शोक का माहौल है.
Also Read : शेखपुरा : पैक्स और व्यापार मंडलों को 26 जुलाई तक चावल जमा करने का निर्देश, 1483 MT आपूर्ति अब भी बाकी
