आरा : वीर कुंवर सिंह यूनिवर्सिटी का निर्देश, बायोमेट्रिक उपस्थिति कम मिली तो कटेगा वेतन, गड़बड़ी पर प्राचार्य होंगे जिम्मेदार

Arrah News : वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (वीकेएसयू) ने शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं. बायोमेट्रिक उपस्थिति निर्धारित मानकों के अनुरूप न होने पर वेतन भुगतान पर रोक लगा दी जाएगी.

Arrah News : वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (वीकेएसयू) के कुलपति प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी के निर्देश के बाद कुलसचिव प्रो. राम कृष्ण ठाकुर ने सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्यों को शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर सख्त निर्देश जारी किया है. कुलसचिव प्रो. राम कृष्ण ठाकुर के द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि हाल के महीनों के वेतन भुगतान से संबंधित बायोमेट्रिक उपस्थिति रिपोर्ट की जांच के दौरान यह पाया गया कि कई शिक्षकों और कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति निर्धारित ड्यूटी अवधि के अनुरूप नहीं है. अधिकांश मामलों में कार्यालय समय से कम अवधि की उपस्थिति दर्ज की गई है.

बिना स्वीकृत अवकाश के कटेगा वेतन

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा निर्देश दिया है कि आगामी वेतन भुगतान का बिल तैयार करते समय प्रत्येक आंशिक अथवा पूर्ण अनुपस्थिति को स्वीकृत अवकाश आवेदन के आधार पर ही वेतन भुगतान के लिए प्रस्तावित किया जाए. संबंधित प्राचार्य अनिवार्य रूप से यह सुनिश्चित करेंगे कि वेतन का भुगतान पूरी तरह नियमों के अनुरूप ही हो. बिना किसी स्वीकृत अवकाश पत्र के यदि कोई कर्मी अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके उतने दिनों के वेतन भुगतान पर नियमानुसार रोक लगा दी जाएगी.

लापरवाही पर प्राचार्य होंगे जिम्मेदार

पत्र में यह भी पूरी तरह से स्पष्ट किया गया है कि यदि विश्वविद्यालय की जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता या कमी पाई जाती है और संबंधित कॉलेज के प्राचार्य द्वारा उसका संतोषजनक स्पष्टीकरण समय पर प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो संबंधित वेतन भुगतान तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया जाएगा. इसके साथ ही, नियमों की अनदेखी के कारण भुगतान में होने वाले किसी भी विलंब की पूरी जिम्मेदारी संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य की खुद की होगी.

कड़ाई से पालन करने का निर्देश

विश्वविद्यालय ने अपने इस पत्र के माध्यम से सभी संबद्ध और अंगीभूत महाविद्यालयों को इस निर्देश का कड़ाई से पालन करने तथा इसे अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा है.

Also Read : बिलौटी एनकाउंटर की न्यायिक जांच में तीसरे दिन दर्ज हुए बयान, मृतक के भाई ने कार्रवाई पर जताई नाराजगी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >