Nilgai Terror: बड़हरा प्रखंड के मनीछपरा गांव में पिछले दो दिनों से एक नीलगाय के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार, नीलगाय अचानक लोगों और मवेशियों पर हमला कर दे रही है. इसके हमले में कई लोगों के घायल होने के साथ दर्जनों मवेशियों के भी जख्मी होने की बात कही जा रही है.
कई मवेशियों के घायल होने का दावा
ग्रामीणों के मुताबिक, नीलगाय के हमले में लालबाबू राय की गाय, बूटन राय की भैंस, अशोक राय और गोवर्धन राय की गाय समेत कई मवेशी घायल हुए हैं. नीलगाय के अचानक हमला करने से ग्रामीणों में भय बना हुआ है. लोग अपने मवेशियों को चराने या खेतों की ओर ले जाने में भी सावधानी बरत रहे हैं.
वन विभाग से सुरक्षित रेस्क्यू की मांग
ग्रामीण शीतल कुमार, विकास कुमार, सोनू कुमार राय और आदित्य राय समेत अन्य लोगों ने बताया कि पिछले दो दिनों में नीलगाय का आतंक बढ़ गया है. ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए नीलगाय को सुरक्षित तरीके से पकड़कर आबादी से दूर जंगल में छोड़ने की मांग की है.
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी बड़ी घटना की आशंका बनी रहेगी.
