Arrah News : जनता की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान की पहल के उद्देश्य से उदवंतनगर के राजा पैलेस में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सांसद सुदामा प्रसाद के समक्ष अपनी स्थानीय समस्याएं रखीं. ग्रामीणों ने सड़क, नली-गली, जलजमाव, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, राशन और पेंशन समेत विभिन्न समस्याओं से सांसद को अवगत कराया.
ग्रामीणों ने रखी बुनियादी सुविधाओं की समस्याएं
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सांसद के सामने रखा. लोगों ने नली-गली और पक्की सड़क की जरूरत के साथ जलजमाव और जलनिकासी की समस्या उठायी. इसके अलावा बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों की भी जानकारी दी गयी. ग्रामीणों ने आवास, राशन और पेंशन से संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग की.
गांवों के विकास की उपेक्षा का लगाया आरोप
सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि वर्षों से गांवों के विकास की उपेक्षा की गयी है. आज भी बड़ी संख्या में गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं. गांवों में नली-गली, पक्की सड़क, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल और जलनिकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं की गंभीर जरूरत है.
विकास बजट के इस्तेमाल पर उठाया सवाल
सांसद ने कहा कि जनता टैक्स और विभिन्न माध्यमों से सरकार को राजस्व देती है. विकास के लिए हर वर्ष बड़े-बड़े बजट बनाये जाते हैं. इसके बावजूद गांवों की स्थिति में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं देता. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि विकास के नाम पर आवंटित बजट का पैसा कहां और किस मद में खर्च हो रहा है, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए.
समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाने का भरोसा
सुदामा प्रसाद ने जनसंवाद में प्राप्त समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष उठाने और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधा संवाद लोकतंत्र को मजबूत करता है. इससे स्थानीय समस्याओं का समाधान बेहतर तरीके से किया जा सकता है. जनसंवाद का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनके समाधान की दिशा में पहल करना भी है.
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रखंड सचिव शिवमंगल यादव, जिला कमिटी सदस्य निरंजन केशरी, अजय कुमार, प्रखंड कमिटी सदस्य क्यामुद्दीन अंसारी, शिव असरे, हरेंद्र कुमार, शिव कुमार राम, शशि कुशवाहा, महेंद्र सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
