आरा : बीस सूत्री बैठक में जनहित के मुद्दों पर तीखी बहस, अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

Arrah News : भोजपुर के कोईलवर प्रखंड में बीस सूत्री समिति की बैठक हंगामेदार रही. जनहित के मुद्दों पर अधिकारियों से तीखे सवाल पूछे गए. बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Arrah News : भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड कार्यालय में सोमवार को बीस सूत्री समिति की बैठक हुई, जिसमें जमकर हंगामा हुआ. बैठक में शामिल सदस्यों ने गांवों और शहर की समस्याओं को लेकर अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी. इस दौरान बिजली, नल-जल योजना, जलजमाव, अवैध कब्जा (अतिक्रमण), अस्पताल, स्कूल, साफ-सफाई और बैंकों से जुड़ी दिक्कतों पर अधिकारियों से तीखे सवाल पूछे गए.

कई मामलों पर अधिकारियों ने तय समय के भीतर काम पूरा करने का भरोसा दिया. वहीं, जो अधिकारी इस जरूरी बैठक में नहीं आए थे, उनके खिलाफ समिति ने सख्त रुख अपनाया है.

बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद

बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष संजीत रजक ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी बीरबहादुर पाठक ने किया. मौके पर प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार सिंह, अंचलाधिकारी उदय प्रताप सिंह, पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. कुणाल राज, राजस्व पदाधिकारी राजभूषण सिंह, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुगीता कुमारी, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक शंभू कुमार समेत अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे.

नगर और पंचायतों की समस्याएं

बैठक के दौरान अध्यक्ष संजीत रजक ने नगर प्रबंधक राजीव झा को गौरैया स्थान घाट पर स्नान घाट निर्माण कराने को कहा. सदस्य महबूब खान ने नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अवैध ऑटो स्टैंड, ऑटो स्टैंड के नाम पर हो रही विभागीय वसूली, अधिकारियों की अनुपस्थिति तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान का मुद्दा उठाया.

बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद

सदस्य कृष्ण कुमार रंजन ने बहियारा फीडर के 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन के आसपास के पेड़ों की छंटाई कराने की मांग रखी, जिस पर विद्युत विभाग के कनीय अभियंता ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया. बीपीआरओ ने ग्राम पंचायतों में प्रवेश द्वार निर्माण की गाइडलाइन पर चर्चा की. सदस्य राकेश शर्मा ने अतिक्रमण के स्थायी समाधान, वेंडिंग जोन के निर्माण तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की अनुपस्थिति का मामला उठाया.

जलजमाव और स्कूलों की समस्याएं

सदस्य श्रीभगवान साह ने सकड्डी वार्ड संख्या-8 में जलजमाव व कचरा फेंके जाने की शिकायत की, जिस पर बीडीओ ने स्वच्छता समन्वयक को कार्रवाई का निर्देश दिया. वहीं, सदस्य श्याम प्रकाश महतो ने सुरौधा कॉलोनी विद्यालय में कमरों की कमी तथा जलजमाव का मुद्दा उठाया. हरदास टोला प्राथमिक विद्यालय के आसपास गड्ढे में जलजमाव की वजह से सुरक्षा के दृष्टिकोण से इसे एहतियातन बंद रखने की बात सामने आई.

अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

प्रखंड प्रमुख द्वारा सकड्डी गांव में जलजमाव, एनएच के दोनों किनारे वाहनों के अवैध ठहराव व अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव रखा गया. सदस्य कृष्णमोहन श्रीवास्तव ने कायमनगर में अवैध ऑटो स्टैंड समाप्त करने की बात रखी. सदस्य सविता कुमारी ने खनगांव में वीबी जी राम जी योजना से होने वाले विकास कार्यों में सूचना बोर्ड लगाने की मांग की.

अन्य सदस्यों ने पीएचईडी के तहत नल-जल योजना में पाइप विस्तार, मरम्मत, अनुरक्षकों के बकाया भुगतान और टंकियों की नियमित सफाई का मुद्दा उठाया, जिस पर अधिकारियों ने एक सप्ताह से लेकर 15 दिन के भीतर समाधान का आश्वासन दिया. सदस्य सोनम पटेल ने कुल्हड़िया में नल-जल, स्कूलों के आसपास पुलिस गश्ती व महादलित बस्ती में विकास मित्र के जाने का मुद्दा उठाया.

गायब अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

बैठक के अंत में समिति के उपाध्यक्ष जयशंकर कुशवाहा ने नगर पंचायत, एमओ, गोदाम प्रबंधक, सीडीपीओ, कृषि पदाधिकारी, सहकारिता पदाधिकारी समेत कई अधिकारियों की अनुपस्थिति और उनके बदले कनीय कर्मियों को भेजने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने लगातार बैठक से गायब रहने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने तथा उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए विभाग को लिखने का निर्देश दिया. मौके पर कोईलवर थाना की अधिकारी मीना कुमारी, बैंकों के अधिकारी व अन्य कर्मी मौजूद रहे.

Also Read : बिहारशरीफ में 36 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >