आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र के बड़ी मठिया के समीप शनिवार की दोपहर सवारियों से भरी टोटो अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में टोटो पर सवार दंपति समेत पांच लोग जख्मी हो गए, जिनमें तीन लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, वहीं दो अन्य लोगों का इलाज परिजन द्वारा अपने स्तर से निजी अस्पताल में कराया जा रहा है. घटना के बाद चालक टोटो लेकर फरार हो गया.
जख्मी यात्रियों की पहचान और विवरण
जानकारी के अनुसार जख्मियों में पवना थाना क्षेत्र के रन्नी गांव निवासी 55 वर्षीय रामायण सिंह, 48 वर्षीया उनकी पत्नी लालझारो देवी व नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला निवासी मो. इसफाक की 30 वर्षीया पत्नी रशीदा खातून एवं दो अन्य लोग शामिल हैं.
स्टेशन लौटने के दौरान हुआ हादसा
इधर, रामायण सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी का इलाज कराकर टोटो द्वारा वापस स्टेशन जा रहे थे. तब ऑटो में पांच लोग सवार थे. उसी दौरान बड़ी मठिया के समीप टोटो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सभी लोग जख्मी हो गए.
अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
इसके बाद गंभीर रूप से जख्मी रामायण सिंह, उनकी पत्नी लालझारो देवी एवं रशीदा खातून को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जबकि जख्मी दो अन्य लोगों का इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है.
