भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी (आउटपोस्ट) क्षेत्र अंतर्गत बड़का गांव स्थित नदी में डूबे 14 वर्षीय किशोर का शव घटना के तीसरे दिन शनिवार की सुबह बरामद कर लिया गया.
किशोर का शव बड़का गांव स्थित पुल के नीचे नदी के पानी से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम के अथक प्रयास के बाद निकाला जा सका. शव मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार मच गई.
मृतक की पहचान गजराजगंज ओपी क्षेत्र के अख्तियारपुर (बड़का गांव) निवासी अजय कुमार के 14 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है, जो आठवीं कक्षा का छात्र था.
गुरुवार शाम से जारी था सर्च अभियान
जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार की शाम अंकित कुमार गांव के समीप दोस्तों के साथ था. चर्चा थी कि दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर शर्त लगी, जिसके बाद उसने पुल से नदी में छलांग लगा दी थी. हालांकि, घटना के संबंध में मृतक के बड़े पिता संजय कुमार ने बताया कि गुरुवार को घर में एक बुजुर्ग का देहांत हो गया था. जिनके दाह-संस्कार के लिए परिवार के लोग महुली घाट गए थे. इसी दौरान अंकित शौच के लिए गया था, जहां पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया.
घटना के बाद शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने दिनभर नदी में सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली थी. शनिवार की सुबह टीम ने पुनः खोजबीन शुरू की और पुल के पास से शव को बाहर निकाला. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया.
परिवार में छाया मातमी सन्नाटा
मृत अंकित अपने दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था. उसके परिवार में मां खुशबू देवी, भाई अंकु कुमार और बहनें साक्षी व नंदिनी हैं. किशोर का शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया.
Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम
