आरा. सोन नदी के पूर्वी छोर पर बुधवार को पानी में उपलाता हुआ एक युवक का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के दोघड़ा गांव निवासी वीरेंद्र यादव के पुत्र रवि कुमार (20) के रूप में हुई है. ग्रामीणों की सूचना पर कोईलवर और बिहटा पुलिस के सहयोग से शव को कोईलवर के गोरया घाट लाया गया. हालांकि, घटनास्थल बिहटा थाना क्षेत्र में होने के कारण बिहटा पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर ले गयी.
12 सितंबर को सोन नदी में बह गया था युवक
मृतक के बड़े भाई के अनुसार, रवि कुमार 12 सितंबर को अपने एक दोस्त के साथ सोन नदी में स्नान करने के लिए तारेगना गया था. इसी दौरान सोन नदी की तेज धारा में बह गया. घटना के बाद से ही परिजन उसकी लगातार खोजबीन कर रहे थे. साथ ही, इसकी सूचना बिहटा थाने को भी दी गयी थी.
चार दिन बाद सुअरमरवा के समीप मिला शव
बुधवार को चार दिन बाद सोन नदी में युवक का शव उपलाता हुआ मिलने की सूचना पर परिजन आनन-फानन में कोईलवर पहुंचे. इसके बाद कोईलवर पुलिस के सहयोग से सुअरमरवा के समीप सोन नदी से शव को बरामद किया गया.
शव की पहचान रवि कुमार के रूप में होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. घटनास्थल बिहटा थाना क्षेत्र में होने के कारण बिहटा पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर ले गयी.
बीए प्रथम वर्ष का छात्र था रवि
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि रवि कुमार बीए प्रथम वर्ष का छात्र था. घटना के बाद से ही परिवार के लोग सदमे में हैं.
