shri krishna janmotsav: शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या छह में बाल कला परिषद की ओर से आयोजित छह दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अनुष्ठान के समापन के बाद गुरुवार को धूमधाम से भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. छठीहार के बाद निकाली गयी शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. ऊंट, घोड़े और विभिन्न प्रकार की आकर्षक झांकियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं. सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे भजन-कीर्तन करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए.
जयकारों से भक्तिमय हुआ शहर
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा. शोभायात्रा वार्ड संख्या छह से शुरू होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए भरौली पुल के समीप धर्मावती नदी के तट पर पहुंची. श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए डोल और प्रतिमा के साथ विसर्जन स्थल तक पहुंचे.
धर्मावती नदी में किया गया विसर्जन
शोभायात्रा के विसर्जन स्थल पर पहुंचने के बाद विधि-विधान से डोल और प्रतिमा का पवित्र धर्मावती नदी में विसर्जन किया गया. इस दौरान जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा सतर्क
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. बड़े-बड़े ध्वज और जुलूस के मार्ग में विद्युत तारों की सुरक्षा को देखते हुए विद्युत विभाग द्वारा शहर की बिजली आपूर्ति बंद रखी गयी. स्थानीय पुलिस बल भी लगातार जुलूस के साथ मौजूद रहा.
थानाध्यक्ष संतोष सिंह, जेई जयनंदन चौधरी और बीडीओ शत्रुंजय सिंह सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे. अधिकारियों की निगरानी और पुलिस की मुस्तैदी के बीच शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.
ये रहे शामिल
शोभायात्रा में आयोजक बिनोद कुमार, राजू गुप्ता, मधु साह, रवि राय, पप्पू साह, धनपत यादव, वार्ड पार्षद संजय चौबे, योगी यादव, दीपक कुमार वर्मा, छोटू पांडे, आजाद साह, बंटी पांडे, धीरज तिवारी, बीस सूत्री अध्यक्ष अंकित पांडे समेत अन्य लोग शामिल रहे.
