Har Ghar Tiranga Shahpur : राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 2026 को लेकर शाहपुर प्रखंड की ग्राम पंचायतों में तैयारियां तेज हो गई हैं. नौ से 17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान को इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष रूप से मनाया जा रहा है.
पंचायत स्तर पर अभियान को सफल बनाने के लिए मुखिया और पंचायत सचिवों की देखरेख में बैठकों का आयोजन कर वार्डवार कार्ययोजना तैयार की जा रही है.
तिरंगा वितरण और घर-घर जाकर जागरूकता अभियान
ग्रामीणों को तिरंगा उपलब्ध कराने के लिए जीविका समूहों, राशन दुकानों और पंचायत भवनों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों की ओर से ग्रामीणों को अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए जागरूक किया जा रहा है.
आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी घर-घर पहुंचकर लोगों को 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित कर रही हैं.
प्रभात फेरी, तिरंगा यात्रा और सेल्फी अपलोड करने की पहल
अभियान के दौरान गांवों और विद्यालयों में प्रभात फेरी तथा तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की भागीदारी से आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा.
Also Read : नालंदा : 9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, स्कूल-कॉलेजों से सरकारी कार्यालयों तक होंगे कार्यक्रम
पंचायतों में तिरंगा यात्रा को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं. प्रशासन की ओर से लोगों से राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने और झंडा आचार संहिता का पालन करने की अपील की गई है. अभियान में शामिल लोग आधिकारिक पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी भी अपलोड कर सकेंगे.
बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह का बयान और तिरंगा यात्रा
पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों और कर्मियों को अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है. बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह ने बताया कि 12 अगस्त को शाहपुर प्रखंड मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी.
