गड़हनी मो. जफी हत्याकांड में राजद प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, सुरक्षा और सरकारी नौकरी की मांग

गड़हनी प्रखंड के इस्लामगंज में मो. जफी की हत्या के मामले में राजद का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा. परिवार ने न्याय, सुरक्षा और सरकारी नौकरी के साथ अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा.

Mo. Jafi Murder Case: गड़हनी प्रखंड के इस्लामगंज निवासी सामाजिक कार्यकर्ता मो. जफी की हत्या के मामले में शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान पीड़ित परिवार की ओर से जांच कमेटी के संयोजक डॉ. अनवर आलम को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया.

परिजनों ने न्याय और सुरक्षा की लगायी गुहार

परिजनों ने बताया कि घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे और तनाव में है. उन्होंने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि परिवार की ओर से सौंपे गये मांग पत्र और उनकी समस्याओं से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को अवगत कराया जायेगा. प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष इन मांगों को सरकार के समक्ष उठायेंगे.

घर में घुसकर गोली मारने का आरोप

बता दें कि 11 सितंबर की देर शाम मो. जफी को उनके घर में घुसकर गोली मारी गयी थी. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी थी. पुलिस के अनुसार, मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. इनमें तीन नामजद आरोपितों ने 16 सितंबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है.

सभी आरोपितों की गिरफ्तारी और स्पीडी ट्रायल की मांग

ज्ञापन में पीड़ित परिवार ने हत्याकांड में शामिल सभी नामजद और अज्ञात आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. साथ ही निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के साथ स्पीडी ट्रायल कराने का आग्रह किया गया. परिवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई के लिए आवश्यक पहल करने की भी मांग रखी.

सरकारी नौकरी और मुआवजे की भी मांग

परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी देने, उचित मुआवजा और पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराने तथा परिजनों को पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग की गयी. ज्ञापन में क्षेत्र में मादक पदार्थों के कथित अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच कर कार्रवाई करने की मांग भी शामिल है.

राजद के कई नेता रहे मौजूद

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व एमएलसी रालदास राय, पूर्व विधायक रामविशुन सिंह लोहिया, पूर्व विधायक राहुल तिवारी, पूर्व विधायक भाई दिनेश यादव, जिला परिषद अध्यक्ष आशा पासवान, निवर्तमान जिलाध्यक्ष वीरदल यादव, निवर्तमान प्रदेश महासचिव मनोज सिंह, निवर्तमान प्रधान महासचिव भोजपुर रामबाबू पासवान, अगिआंव प्रखंड प्रमुख मुकेश यादव, गड़हनी प्रखंड प्रमुख बिनोद यादव, राजद राज्य परिषद सदस्य श्रीनिवास यादव समेत कई राजद नेता और कार्यकर्ता शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >