Arrah News : बिहिया थाना पुलिस की टीम को चर्चित राजेश यादव हत्याकांड मामले में एक बेहद अहम सफलता मिली है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त को धर दबोचा है. उसकी गिरफ्तारी बिहिया थाना क्षेत्र के इलाके से ही की गयी.
पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ. इस पूरी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी पुलिस अधीक्षक द्वारा रविवार को एक प्रेस नोट जारी कर दी गई.
टिपुरा गांव निवासी योगेंद्र यादव है गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किया गया अभियुक्त बिहिया थाना क्षेत्र के टिपुरा गांव निवासी स्व. छोटू यादव का पुत्र योगेंद्र यादव है. उसके पास से एक देशी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ है. वह राजेश यादव हत्याकांड का मुख्य नामजद अभियुक्त है.
बता दें कि बीते 12 जुलाई को जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के कटेया टिपुरा गांव में रविवार की शाम हथियारबंद बदमाशों ने दो माह पूर्व ही जेल से जमानत पर बाहर आए राजेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
सिर में करीब से मारी गई थी चार गोलियां
वारदात के वक्त अपराधियों द्वारा राजेश यादव को काफी करीब से सिर के पिछले हिस्से में चार गोलियां मारी गई थीं. जख्मी हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था. घटना के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की थी, जहाँ से पूर्व में एक देसी कट्टा बरामद किया गया था.
दवा लेकर लौटने के दौरान रास्ते में घेरकर की थी हत्या
घटनाक्रम के अनुसार, मृतक राजेश यादव अपनी मां की दवा लाने के लिए मोटरसाइकिल द्वारा अपने चाचा हुलास यादव के साथ कटेया गांव गया था. दवा लेकर वापस घर लौटने के क्रम में कटेया टिपुरा गांव के समीप योगेंद्र यादव ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे रास्ते में ही घेर लिया और ताबड़तोड़ चार गोलियां मारकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी.
वहीं, दूसरी तरफ मृतक के चाचा जोगिंदर यादव ने पुलिस को बताया था कि गांव में एक-दो लोगों से उसका पूर्व से विवाद चल रहा था, लेकिन मुख्य आरोपी के साथ उसका सीधे तौर पर कोई विवाद नहीं था. उन्होंने योगेंद्र यादव सहित उसके साथ रहे अन्य अज्ञात लोगों पर अपने भतीजे की गोली मारकर हत्या करने का लिखित आरोप लगाया था.
Also Read : शेखपुरा : पैक्स और व्यापार मंडलों को 26 जुलाई तक चावल जमा करने का निर्देश, 1483 MT आपूर्ति अब भी बाकी
