Arrah public urinals: नगरवासियों और खासकर महिलाओं की सुविधा के लिए आरा नगर निगम की ओर से 24 सार्वजनिक स्थानों पर 100 से अधिक यूरिनल बनाए गए हैं. निगम की ओर से इनका प्रचार-प्रसार कर इसे उपलब्धि के रूप में भी बताया गया. लेकिन कई यूरिनल शुरू ही नहीं हो सके, जबकि कुछ शुरू होने के बाद भी लंबे समय तक उपयोग में नहीं रहे. अब कई यूरिनल में गंदगी का अंबार लगा है.
नगरवासियों का आरोप है कि जनता से टैक्स के रूप में प्राप्त राशि खर्च करने के बावजूद यूरिनल को उपयोग लायक नहीं रखा जा रहा है. इससे लोगों में नाराजगी है और इनकी उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं.
यूरिनल में सफाई का अभाव
नगरवासियों के अनुसार यूरिनल की नियमित सफाई नहीं की जाती है. कई स्थानों पर गंदगी जमा होने के कारण दुर्गंध की स्थिति बनी रहती है. ऐसे में महिलाएं और अन्य लोग इनका उपयोग करने से बचते हैं. लोगों का कहना है कि इतनी राशि खर्च करने के बाद भी यूरिनल को साफ-सुथरा और उपयोग योग्य नहीं रखना नगर निगम की लापरवाही है.
सफाई कर्मी की जिम्मेदारी भी तय नहीं
नगरवासियों के अनुसार किसी भी यूरिनल की नियमित सफाई के लिए नगर निगम की ओर से सफाई कर्मी की जिम्मेदारी तय नहीं की गयी है. सफाई की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं होने के कारण यूरिनल धीरे-धीरे कचरा घर में तब्दील होते जा रहे हैं.
पहले बने शौचालय और मूत्रालय भी बदहाल
आरा में पूर्व में भी कई स्थानों पर शौचालय और मूत्रालय बनाए गए थे. लेकिन कुछ समय बाद ही उनकी स्थिति खराब हो गयी. गंदगी, टूट-फूट और दुर्गंध के कारण लोग उनका उपयोग नहीं कर पाते हैं.
शहर में प्रतिदिन व्यवसाय, बाजार, विश्वविद्यालय, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, चिकित्सा, परिवहन, अदालत और विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों से भी काफी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए आरा आते हैं. सार्वजनिक सुविधाओं की कमी के कारण सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ती है.
एक यूरिनल पर करीब 5 लाख रुपये खर्च करने की थी योजना
नगर निगम की ओर से मॉडल यूरिनल बनाने की योजना के तहत प्रत्येक स्थान पर दो महिला और तीन पुरुषों के लिए मूत्रालय, बेसिन, सुबह और शाम सफाई तथा पानी की व्यवस्था के लिए सबमर्सिबल लगाने की बात कही गयी थी. एक यूरिनल पर करीब 5 लाख रुपये खर्च किए गए. लेकिन नगरवासियों का कहना है कि योजना के तहत जिन सुविधाओं का दावा किया गया था, उनमें से कई सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं.
इन जगहों पर बनाए गए हैं यूरिनल
नगर निगम की ओर से गागीपुल चौराहा, सिंडिगेट के पास, कटरा मार्केट, मछली मार्केट, बांसटाल मोड़, टमटम पड़ाव चौक के पास, आम्रपाली मार्केट, कचहरी के पास, पुरानी पुलिस लाइन, वी-मार्ट के सामने, मौलाबाग रैन बसेरा के पास, स्टेशन सरकारी बस स्टैंड के बाहर, कतीरा मोड़ सुधा डेयरी के पास, रेडक्रॉस के सामने, महावीर टोला, शहीद भवन मोड़, महिला कॉलेज के पास, मवेशी अस्पताल के पास, जेल गेट के पास, वलीगंज बकरी बाजार और धरहरा पानी टंकी समेत अन्य स्थानों पर यूरिनल बनाए गए हैं. नगरवासियों ने यूरिनल की नियमित सफाई, पानी की व्यवस्था और रखरखाव सुनिश्चित कराने की मांग की है.
